इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में गुरुवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों को अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई और आंखों में जलन होने लगी। लोग समझ नहीं पाए कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। घटना रात दस बजे की है। बस्ती के चार लोगों को एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
दरअसल, रावजी बाजार क्षेत्र में कबाड़ी की दुकान पर गैस का कोई पुराना सिलेंडर बिकने आया था। कबाड़ी ने जैसे ही गैस कटर से सिलेंडर काटा, उसमें बची गैस बाहर निकल गई और आसपास के लोगों को परेशानी होने लगी।
हालत यह हो गई कि लोग मुंह पर रुमाल बांधकर अपने घरों से बाहर निकल आए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने दुकान पर फोम और पानी की बौछार कर गैस के प्रभाव को कम किया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल पुलिस कबाड़ी से पूछताछ कर रही है कि उसने यह सिलेंडर कहां से खरीदा था। इस गंभीर लापरवाही ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया था। एक घंटे की मशक्कत के बाद रहवासियों को राहत मिली। गैस के कारण सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों को भी परेशानी हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिलेंडर से निकली गैस अमोनिया है। इसकी गंध तीखी होती है। इसका उपयोग फैक्टरियों में होता है। इससे रिसाव से आंखों में जलन होती है। सांस लेने में तकलीफ आती है और उल्टी भी होती है। यदि ज्यादा मात्रा में यह गैस शरीर में जाती है तो इससे व्यक्ति बीमार हो सकते है।
