इजराइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग के बाद दुबई में उड़ानों के निरस्त होने से फंसे इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, मनीष सहारा (सहारा ग्रुप), संजय अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप), पिंटू छाबड़ा (सी 21), गोलू पाटनी सहित अन्य इंदौरी उद्योगपतियों के इंदौर लौटने की राह आसान हो गई है, हालांकि दुबई से इंदौर आने वाली सीधी उड़ान अभी शुरू नहीं हो पाई है, लेकिन सभी उद्योगपति मुंबई के रास्ते इंदौर लौट रहे हैं।
वे सुबह दुबई एयरपोर्ट पहुंचे और विमान में सवार हुए। उनकी फ्लाइट अब मुंबई पहुंच चुकी है। उड़ान भरने से पहले पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि बाबा महाकाल की कृपा और सभी की शुभकामनाओं से अब हम जल्द ही इंदौर लौटने वाले हैं। हमने दुबई से मुंबई के लिए उड़ान भर ली है और विमान सफलतापूर्वक टेक-ऑफ कर चुका है।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री तुलसीराम सिलावट ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हरसंभव सहयोग प्रदान किया। इन्हीं के प्रयासों से इंदौर वापसी की व्यवस्थाएं सफलतापूर्वक तय हो सकी हैं।
दुबई और शारजाह की उड़ानें निरस्त होने के कारण बीते तीन दिनों से ये उद्योगपति शहर से दूर एक रिसॉर्ट में रुके थे। पहले वे एक होटल में ठहरे थे, लेकिन पास की एक बिल्डिंग पर ड्रोन अटैक होने के बाद वे सुरक्षित स्थान पर चले गए थे।
इन उद्योगपतियों के अलावा इंदौर के अन्य लोग भी दुबई में रुके हुए हैं, जिनका कहना है कि अब स्थिति सामान्य है। 2 मार्च को दुबई से दिल्ली और मुंबई के बीच कुछ उड़ानें संचालित होना शुरू हुईं, जिसके बाद उद्योगपतियों ने मुंबई आने का विकल्प चुना और सुबह एयरपोर्ट पहुंचकर रवाना हुए।