ब्रजेश्वरी एनएक्स अग्निकांड के बाद प्रशासन को फिर शहर में अग्नि सुरक्षा प्रबंधों की चिंता सताने लगी और अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। अलग-अलग टीमें बनाकर बिल्डिंगों की जांच की जा रही है। गुरुवार को गीताभवन और भंवरकुआं क्षेत्र में बिल्डिंगों की जांच की गई। कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के उपकरण नहीं पाए गए। अधिकारियों ने उन्हें सील कर दिया।
सबसे पहले टीम गीताभवन पहुंची। यहां तल मंजिल पर कार और दोपहिया वाहनों के शोरूम हैं। उनमें फायर सेफ्टी के उपकरण नहीं मिले। अधिकारियों ने शोरूम में मौजूद ग्राहकों को बाहर निकलने के लिए कुछ समय दिया। इसके बाद शटर गिराकर शोरूम सील कर दिए गए। यहां दो अन्य बिल्डिंगों के खिलाफ भी सील करने की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा भंवरकुआं क्षेत्र में भी चार बिल्डिंगों को सील किया गया। आपको बता दें कि इंदौर के ब्रजेश्वरी क्षेत्र में एक बंगले में आग लगने की वजह से आठ लोगों की मौत हो चुकी है। बीते दो माह में आठ से ज्यादा अग्निकांड के हादसे हो चुके हैं। गर्मी के दिनों में ये हादसे ज्यादा बढ़ जाते हैं। इंदौर में तीन माह पहले एक पेंट हाउस में आग लगने से एक कारोबारी की भी मौत हो चुकी है।