इंदौर के सुपर कॉरिडोर स्थित नरसीमुंजी कॉलेज में हो रही बेक सेल इवेंट पार्टी में गुरुवार को उस वक्त हंगामेदार हालात बन गए, जब पार्टी में अश्लीलता का आरोप लगाते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ घुस गए। उन्होंने पार्टी के मंच, स्पीकर तोड़े और स्टाल भी अस्त-व्यस्त कर दिए। उनका कहना था कि वैलेंटाइन डे के नाम पर कॉलेज में पार्टी आयोजित की जा रही है और अश्लीलता फैलाई जा रही है। पार्टी में मौजूद छात्र-छात्राएं हंगामा होने के बाद डर गए और वे सुरक्षित जगह पहुंचे। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और विरोध शांत किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने फूल और गुलदस्ते भी जब्त किए। बाद में विरोध करते हुए भजन गाने लगे।

 

बजरंग दल के तन्नु शर्मा ने कहा कि पार्टी में छात्राओं के साथ गैर-हिंदू युवक भी शामिल थे। इस तरह की पार्टी हिंदू संस्कृति के खिलाफ है। हमने आयोजन बंद करने की मांग की थी, लेकिन नहीं माने। इस कारण हमें विरोध करने आना पड़ा।

 

दोपहर में नारेबाजी करते हुए बजरंग दल कार्यकर्ता कॉलेज के गेट पर पहुंचे। पहले सुरक्षाकर्मियों ने गेट नहीं खोला। जब कार्यकर्ता दबाव बनाने लगे तो गेट खोला गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को धकियाते हुए कार्यकर्ता भीतर घुसे और जाते ही तोड़फोड़ मचाना शुरू कर दी।

 

हंगामा होते देख क्लास में मौजूद छात्रों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिए। उन्हें भी कार्यकर्ताओं ने खिड़कियां बंद करने की धमकी दी। इसके बाद कार्यकर्ता उस मैदान में पहुंचे, जहां पार्टी आयोजित की गई थी। वहां लगे स्टालों में तोड़फोड़ मचाई गई। कॉलेज स्टाफ ने उनसे कहा कि पार्टी वैलेंटाइन डे की नहीं है, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इस मामले में नरसीमूंजी प्रबंधन का कहना है कि आयोजन हमारे पाठ्यक्रम का हिस्सा था। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल को बढ़ाना है। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर आ गई थी और किसी भी छात्र या स्टाफ के सदस्य को चोट नहीं पहुंची।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *