चंदन नगर क्षेत्र में प्रस्तावित रिंग रोड का निर्माण भले ही नहीं हो पाया हो, लेकिन अब नगर निगम इसे लिंक रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, सड़क की चौड़ाई को लेकर स्थानीय रहवासियों में असंतोष है। चौड़ाई कम करने की मांग को लेकर चंदन नगरवासी पहले ही प्रदर्शन कर चुके हैं।
नगर निगम का लक्ष्य है कि बारिश से पहले सड़क निर्माण में बाधा बनने वाले हिस्सों को हटाकर कार्य प्रारंभ कर दिया जाए। प्रस्तावित 100 फीट चौड़ी इस सड़क की जद में डेढ़ सौ से अधिक निर्माण आ रहे हैं, जिनमें से अधिकांश चंदन नगर क्षेत्र में हैं। यह सड़क चंदन नगर चौराहा से कालानी नगर ब्रिज तक बनाई जानी है।
इस सड़क की कार्ययोजना को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक में समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि लिंक रोड के साथ-साथ चंदन नगर क्षेत्र में प्रस्तावित ब्रिज का निर्माण भी इंदौर विकास प्राधिकरण शुरू करे, ताकि सिंहस्थ से पहले आवश्यक सड़क और पुल निर्माण कार्य प्रारंभ हो सकें।
इंदौर विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित बैठक में बड़ा गणपति चौराहे पर बनने वाले ब्रिज को लेकर भी चर्चा हुई। यहां लगभग छह मीटर गहराई में सीवरेज लाइन बिछी हुई है, साथ ही नर्मदा पाइपलाइन भी गुजर रही है। ब्रिज निर्माण से पहले इन लाइनों को शिफ्ट करना अनिवार्य होगा, जिसमें समय लगने के साथ-साथ ट्रैफिक डायवर्जन की आवश्यकता भी पड़ेगी।
मंत्री विजयवर्गीय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, क्योंकि बारिश के दौरान लाइन शिफ्टिंग संभव नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में देरी हुई तो ब्रिज निर्माण प्रभावित होगा।
गौरतलब है कि ढाई वर्ष बाद आयोजित होने वाले सिंहस्थ मेले से पहले इस ब्रिज का निर्माण आवश्यक माना जा रहा है, क्योंकि बड़ा गणपति मार्ग पर मेले के दौरान यातायात का दबाव बढ़ेगा।
