मुरैना में अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को थाने से छोड़ने पर एसपी समीर सौरभ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे थाने को सस्पेंड कर दिया। चिन्नोनी थाने के टीआई और एएसआई समेत सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई में लापरवाही और संदिग्ध भूमिका का है। पुलिस टीम ने दबिश देकर रेत से भरे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े थे, लेकिन महज एक पर कार्रवाई की और बाकी चार को छोड़ दिया। इस मामले का वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने यह सख्त कदम उठाया है।
घटना शाम करीब पांच बजे क्षेत्र के होराबरा घाट की है। चिन्नोनी पुलिस टीम अवैध रेत का परिवहन रोकने गई थी। वहां पांच ट्रैक्टर पकड़े गए, लेकिन कार्रवाई सिर्फ एक पर हुई। इस मामले को लेकर थाना प्रभारी शंभू दयाल बाथम और एएसआई कमलेश कुमार के बीच विवाद हो गया। इसके बाद एएसआई ने कार्रवाई का वीडियो सीधे एसपी समीर सौरभ को भेज दिया। वीडियो देखने के बाद एसपी ने पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया।
ये भी पढ़ें- एमपी विधानसभा में हंगामा : ‘औकात में रहो…’ उमंग सिंघार व कैलाश विजयवर्गीय के बीच क्यों हुई तीखी बहस? जानें वजह
निलंबित थाना प्रभारी की सफाई- ग्रामीण हो गए थे हावी
निलंबित थाना प्रभारी शंभू दयाल बाथम ने अपनी सफाई में कहा चम्बल नदी के अवैध रेत खनन-परिवहन पर कार्रवाई करने गए थे। पांच ट्रैक्टर पकड़े लेकिन ग्रामीण हावी हो गए हमारे पास सिर्फ चार लोगों का ही बल था फिर स्थिति देख जो ट्रैक्टर हाथ में था उसे लेकर थाने पहुंचे। नहीं तो स्थिति बिगड़ सकती थी। कार्रवाई करने में अक्सर यह परेशानी आती है। लोकल ग्रामीण इकट्ठे हो जाते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया है। जो निर्देश होंगे पालन करेंगे। एडिशनल एसपी सुरेंद्र प्रताप ने बताया कि चिन्नोनी थाने द्वारा की गई कार्रवाई का वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने संज्ञान लिया है। लापरवाही बरतने वाली टीम को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं और मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
