श्योपुर जिले के विजयपुर के स्कूल में बच्चों को रद्दी पेपर पर खाना खिलाने के मामले में स्कूल प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया। मामला हुल्लपुर माध्यमिक शाला का है।यहां बच्चों को भोजन परोसने के लिए थाली की जगह रद्दी कागजों का इस्तेमाल किया गया था। जिसके बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिम्मेदरों पर कार्रवाई के तत्काल निर्देश दिए। इसके बाद विजयपुर एसडीएम ने मिड डे मील सप्लाई करने वाले स्व-सहायता समूह का टेंडर रद्द कर दिया है।
वीडियो सामने आने के बाद बीईओ हरिशंकर गर्ग मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट दी। खाना देने वाले समूह ने प्रशासन के सामने पक्ष रखते हुए बताया था कि समूह में पांच महिलाएं हैं। इनमें से दो महिलाएं बाहर थीं। इसके चलते 7 दिन से तीन महिलाएं ही काम कर रही थीं। बर्तन न मांजना पड़े, इसलिए कागज पर भोजन खिलाया जा रहा था।इसके बावजूद पेरेंट्स की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई।
ये भी पढ़ें- एक और कातिल बेटा: पत्नी पर जादू-टोने के शक में बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, करतूत छिपाने दफना दिया शव
जिला शिक्षा अधिकारी एमएल गर्ग ने हुल्लपुर माध्यमिक शाला के प्रभारी भोगीराम धाकड़ को सस्पेंड कर दिया है। मिड-डे मील वितरण में लापरवाही और अमानवीयता बरतने पर यह कार्रवाई की गई है। बीआरसी और सीएसी को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है। भविष्य में किसी भी स्तर पर इस प्रकार की अमानवीयता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ियों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था की नियमित जांच की जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक और सम्मानजनक भोजन प्राप्त हो सके।
