राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में बुधवार रात नवरात्र के अवसर पर निकाली गई चुनरी यात्रा के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

कोलार पुलिस के अनुसार, ललिता नगर में देवी मंदिर तक चुनरी यात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। रात करीब पौने नौ बजे अचानक गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि क्षेत्र का बदमाश राज ठकुरिया उर्फ अक्षय ठाकुर ने हर्ष फायर किया था। हालांकि उसने किसी को निशाना बनाकर गोली नहीं चलाई, फिर भी सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह की हरकत से लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

पढ़ें: उज्जैन में महाअष्टमी पर आस्था का अनोखा रंग: संतों की अगुवाई में आज होगी पूजा, माता को लगेगा मदिरा का भोग

पहले गुमराह करने की कोशिश


घटना के बाद शुरू में यह बताया जा रहा था कि किसी नाबालिग ने एयर गन से फायर किया है। लेकिन पुलिस द्वारा गहराई से पूछताछ करने पर सच्चाई सामने आई। जानकारी के अनुसार, दामखेड़ा निवासी अक्षय ठाकुर भी यात्रा में शामिल हुआ था, जिसका स्थानीय निवासी हरिओम यादव से पहले से विवाद चल रहा था।

यात्रा के दौरान हरिओम ने अक्षय का विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अक्षय ने हरिओम की गर्दन पर चाकू रख दिया। जब लोग उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े तो उसने हवाई फायर कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने देर रात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *