मुरैना जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर के दरवाजे भी सुरक्षित नहीं रहे। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाश ने नाम लेकर दरवाजा खुलवाया और सामने आते ही सीमेंट व्यापारी को गोली मार दी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही व्यापारी ने दरवाजा खोला, आरोपी ने नजदीक से गोली चली दी। गोली व्यापारी की पसलियों को चीरती हुई पेट में जा धंसी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।

ये भी पढ़ें- चंदेरी में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1.28 किलो तैयार मादक पदार्थ सहित दो गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

घायल कृष्णकांत शुक्ला के भाई दीपू शुक्ला ने बताया कि गांव के ही रहने वाले हरेंद्र शुक्ला पुत्र रामनिवास शुक्ला निवासी सिरमिती गांव से पुरानी दुश्मनी चली आ रही है।रिटायर्ड फौजी हरेंद्र शुक्ला ने पिस्टल से गोली चलाई है। घायल की पत्नी रजनी शुक्ला ने बताया कि मेरे पति सीमेंट का व्यवसाय करते हैं। सिरमिती गांव में ही सीमेंट की दुकान है। वह हर रोज मुरैना घर से गांव व्यवसाय के लिए जाते हैं। गोली मारने वाला पता नहीं कौन था, लेकिन देखूंगी तो पहचान लूंगी। स्टेशन रोड थाना के टीआई कुलदीप राजपूत ने बताया कि कृष्णकांत शुक्ला की हालत गंभीर है। वारदात में हरेंद्र शुक्ला का नाम सामने आया है। आरोपी और पीड़ित दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। मौके से खाली खोखा मिला है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *