मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के मोहना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब पीने के बाद मोबाइल में रील देखने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना मोहना बायपास स्थित अजीत नायक भोजनालय के सामने हुई। वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही रविवार सुबह मोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव को ग्वालियर के डेड हाउस में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

काम की तलाश में दोस्त के साथ आया था ग्वालियर

पुलिस के अनुसार मुरैना जिले के आमपुरा स्थित एसएएफ लाइन के पास रहने वाला 35 वर्षीय ऋषि सिंह, पिता दिनेश सिंह सिकरवार, काम की तलाश में था। शनिवार को उसका दोस्त दीपक शाक्य उसे काम दिलाने के लिए ग्वालियर के मोहना इलाके में लेकर आया था। दोनों ने दिन भर काम की तलाश की। रात में वे मोहना बायपास स्थित अजीत नायक भोजनालय पहुंच गए।

शराब पीने के बाद शुरू हुआ विवाद

भोजनालय पर दोनों ने शराब पी। इसी दौरान नशे की हालत में दीपक ने ऋषि का मोबाइल छीन लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक मोबाइल पर रील देख रहा था। मोबाइल छीनने की बात पर वह गुस्से में आ गया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। ढाबा संचालक ने कई बार उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।

ये भी पढ़ें: Ujjain News: बेटी के प्रेम विवाह से आहत पिता ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखी दिल दहला देने वाली बात

बहस मारपीट में बदली, डंडे से किए कई वार

कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान दीपक शाक्य ने पास में पड़ा बबूल का डंडा उठा लिया और ऋषि सिंह के सिर पर कई बार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से ऋषि सड़क पर गिर पड़ा। सिर पर लगातार डंडे लगने से वह बेहोश हो गया और फिर उठ नहीं पाया। घटना के बाद दीपक शाक्य मौके से जंगल की ओर भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब ऋषि की नब्ज देखी तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एसडीओपी घाटीगांव शैलेन्द्र शर्मा के अनुसार घटना के बाद थाना प्रभारी राशिद खान और एएसआई देवेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में दो पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में लगा दी गई हैं। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन वह घर से फरार मिला है। आरोपी की तलाश जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *