शहर में राजस्थान के एक युवक से 5 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर उसका बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना कंपू थाना क्षेत्र के कटोरा ताल रोड की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वासुदेव शर्मा जो कि राजस्थान का रहने वाला है, पिछले ढाई महीने से ग्वालियर के महलगांव में अपने रिश्तेदार के साथ रह रहा है। वह एक प्लाईवुड कंपनी के लिए मार्केटिंग और कलेक्शन का काम करता है। उसके साथी संदीप के शहर से बाहर होने पर उसे दाल बाजार की दो फर्मों से भुगतान लेने भेजा गया था।

मंगलवार रात करीब 9:30 बजे वासुदेव ने एक फर्म से 1.5 लाख और दूसरी फर्म से 3.5 लाख रुपये लेकर कुल 5 लाख रुपये बैग में रखे। इसके बाद उसने संदीप को फोन कर पूछा कि राशि किसे सौंपनी है। जवाब का इंतजार करते हुए वह एलएलबी कॉलेज मैदान के पास बैठ गया।

ये भी पढ़ें: MP News: देर से वल्लभ भवन आने और जल्दी जाने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई, सीएम के सख्त निर्देश

कुछ देर बाद जब वह पैदल घर लौट रहा था, तभी एक्टिवा सवार दो युवक आए और उसे रोक लिया। एक युवक ने उस पर लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। वासुदेव के इंकार करने पर दोनों ने उससे धक्का-मुक्की की और बैग छीनकर फरार हो गए। शोर मचाने के बावजूद आसपास से कोई मदद के लिए नहीं आया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शहर में नाकाबंदी कराई, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *