शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते 12वीं कक्षा के छात्र पर उसके हमउम्र छात्रों ने हमला कर दिया। आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावरों ने पहले छात्र के साथ मारपीट की और बाद में कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली छात्र के पैर की पिंडली के पास लगी। घटना के बाद उसके दोस्तों ने उसे तत्काल फूलबाग स्थित अपोलो हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय कृष्णा शर्मा, पुत्र सतीश शर्मा मूल रूप से महाराजपुरा डीडी नगर का रहने वाला है। कृष्णा कुछ समय पहले तक ग्वालियर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई करता था और वर्तमान में भोपाल में पढ़ रहा है। वह दो दिन पहले ही भोपाल से ग्वालियर आया था। बुधवार सुबह वह नाश्ता लेने श्रीराम मिष्ठान भंडार की ओर जा रहा था, तभी महाराजा कॉम्प्लेक्स डीडी नगर के पास विश्वास गुर्जर, सुमित गुर्जर और इनके साथियों ने उसे घेर लिया।
ये भी पढ़ें: खबरों के खिलाड़ी: इंदौर के सिस्टम में लीकेज, जब नल से आने वाले पानी से ही भरोसा टूट गया; तो फिर बचा ही क्या?
बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने कृष्णा के साथ मारपीट की। विरोध करने पर सुमित ने कट्टा निकालकर गोली चला दी। एक गोली कृष्णा की पिंडली में लगी, जिसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल कृष्णा को उसका भाई यीशु शर्मा और एक साथी एक्टिवा से अस्पताल लेकर गए।
घायल छात्र कृष्णा शर्मा के दादा रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर रविन्द्र शर्मा हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि हमलावरों में विश्वास गुर्जर, सुमित गुर्जर, कृष्णा भड़ाना, कृष्णा तोमर, कान्हा पंडित, वैभव और एक अन्य शामिल हैं। सभी हमलावर भी स्कूल और कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं।
सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते छात्र के साथ मारपीट कर गोली चलाई गई है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
