राजधानी भोपाल में गैस सिलिंडर का संकट लगातार गहराता जा रहा है। घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलिंडर की कमी से आम लोग और व्यापारी परेशान हैं। डिलीवरी सिस्टम में गड़बड़ी, ब्लैक मार्केटिंग और नए कनेक्शन पर रोक ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। शहर में सिलिंडर डिलीवरी को लेकर अजीब स्थिति बनी हुई है। कई उपभोक्ताओं को सिलिंडर डिलीवरी का मैसेज तो मिल रहा है, लेकिन जब वे एजेंसी पहुंचते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि सिलिंडर पहले ही डिलीवर हो चुका है। लोग एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कई मामलों में उपभोक्ताओं को अगले महीने सिलिंडर मिलने की बात कही जा रही है।

ब्लैक में बिक रहे सिलिंडर

सप्लाई की कमी का फायदा उठाकर कुछ जगहों पर सिलिंडर ब्लैक में बेचे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें नियमित सप्लाई नहीं मिल रही, जिससे उन्हें महंगे दाम पर सिलिंडर खरीदना पड़ रहा है। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।

जांच टीम बनी, लेकिन कार्रवाई नहीं

स्थिति को देखते हुए भोपाल कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार की टीम बनाकर गैस एजेंसियों की जांच के निर्देश दिए हैं। टीम को रेंडम चेकिंग कर रोजाना रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है। शनिवार को अधिकारियों से बात करने पर उन्होंने केवल  तैयारी चल रही है  कहकर जवाब दिया, लेकिन कार्रवाई शुरू नहीं हुई।

यह भी पढ़ें-एमपी में 4 मौसम सिस्टम सक्रिय, 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह ओले, 7 अप्रैल तक असर

नए कनेक्शन पर लगी रोक

सिलिंडर की कमी के चलते शहर में नए गैस कनेक्शन देने पर भी रोक लगा दी गई है। एजेंसियों का कहना है कि उन्हें ऊपर से निर्देश मिले हैं कि फिलहाल नए कनेक्शन जारी नहीं किए जाएं। इस वजह से लोग नए कनेक्शन के लिए एजेंसियों के बाहर भटकते नजर आ रहे हैं।पहले लोग जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे के सिलिंडर से काम चला लेते थे, लेकिन अब किल्लत बढ़ने के कारण यह सहयोग भी खत्म होता जा रहा है। हर कोई अपने लिए अलग सिलिंडर लेने की कोशिश में है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।

महंगाई की मार, चाय-नाश्ता भी महंगा

सिलिंडर की कीमत और कमी का असर अब बाजार में साफ दिख रहा है। भोपाल में समोसा-कचौरी के दाम 10 से 15 रुपए तक पहुंच गए हैं, वहीं चाय की कीमत में भी 5 रुपए तक बढ़ोतरी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि गैस की बढ़ती लागत के कारण दाम बढ़ाना उनकी मजबूरी हो गई है। अब तक बड़े आउटलेट्स ही कीमत बढ़ा रहे थे, लेकिन अब छोटे दुकानदार भी धीरे-धीरे रेट बढ़ाने लगे हैं। गैस और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी के कारण छोटे व्यापारियों का बजट भी बिगड़ गया है।

यह भी पढ़ें- NSUI ने चस्पा किए पोस्टर, CMHO बोले- कार्रवाई जारी, राजनीति न करें

अधिकारी बोले जल्द होगी कार्रवाई

अलग-अलग क्षेत्रों के अधिकारियों का कहना है कि कलेक्टर के आदेश के बाद कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हालांकि शनिवार को छुट्टी के चलते ज्यादा गतिविधि नहीं दिखी, लेकिन जल्द ही जांच अभियान शुरू होने की बात कही जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *