जानकारी के अनुसार नागझिरी निवासी राहुल चंदेल के पुत्र प्रियांशु चंदेल को 24 मार्च को हुए एक सड़क हादसे में पैर में चोट आई थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह जब मासूम को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया, तो कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने परिजनों को सूचित किया कि बच्चे की धड़कन रुक गई है और उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस खबर के मिलते ही बच्चे के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
ये भी पढ़ें- ये कैसा इलाज?: झाड़फूंक के नाम पर महिला से मारपीट, लात-घूंसों से पिटती रही पत्नी और पति चुपचाप देखता रहा
ऑपरेशन से पहले पूरी तरह स्वस्थ था बच्चा
वहीं, परिजनों का आरोप है कि करीब दो घंटे बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की सांस रुक गई है और उसे बचाने की कोशिश की जा रही है। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनका कहना था कि बच्चा ऑपरेशन से पहले पूरी तरह स्वस्थ था। मृत बच्चे के पिता राहुल चंदेल ने बताया कि उनका बच्चा ऑपरेशन से पहले हंसता-खेलता हुआ अंदर गया था। वहीं, मां पूजा चंदेल ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने समय पर सही जानकारी नहीं दी और अचानक मौत की सूचना दे दी।
कार्डियक अरेस्ट आया : डॉक्टर
उधर, डॉक्टरों ने सिर्फ इतना बताया है कि बच्चे को एनेस्थीसिया के दौरान कार्डियक अरेस्ट आया था। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

बच्चों की मौत पर रोते बिलखते परिजन

बच्चों की मौत पर रोते बिलखते परिजन
