राजधानी भोपाल में मां की ममता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी से विवाद के बाद दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए अपनी तीन साल की मासूम बेटी को गर्म प्रेस से जला दिया। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार वाजपेयी नगर मल्टी में रहने वाली एक महिला का उसके पड़ोस में रहने वाले विजय वलसे नाम के युवक से प्रेम संबंध था। विजय वलसे से विवाद के बाद तीन साल की मासूम बच्ची की मां तनाव में आ गई और उसने अपनी बच्ची को गर्म प्रेस से जला दिया। महिला ने मासूम को एक जगह नहीं, शरीर के कई अंगों को जलाया है, जिससे उसके शरीर पर निशान बन गए हैं। हालत बिगड़ने पर जब बच्ची ने शोर मचाया तो आसपास के लोग उसके लगातार रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और मामले का पता चला। इसके बाद शाहजहांनाबाद पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें: Dhar News: विधायक के ब्लैकमेलिंग मामले में नया मोड़, आरोपी महिला ने वीडियो जारी कर लगाए दुर्व्यवहार के आरोप
जिस महिला ने अपनी तीन साल की मासूम के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं, उसकी ही मां ने उसके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि विजय वलसे से हुए विवाद के कारण महिला ने यह दरिंदगी की है, घटना में उसका प्रेमी भी शामिल है। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी विजय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मासूम को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि मासूम के शरीर में जलने से गहरे घाव हो गए हैं, जिन्हें भरने में समय लगेगा।
थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने बताया कि पहले आरोपी महिला और विजय के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद महिला घर छोड़कर चली गई थी। कुछ दिन बाद वह वापस आ गई और विजय के साथ रहने लगी। इस दौरान दोनों के बीच आए दिन विवाद और झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार को भी किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया, इसके बाद महिला ने गुस्से में तीन साल की बेटी को गर्म प्रेस से कई जगह जला दिया।
