राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्यारह मील स्थित होटल अभिनंदन पैलेस में एक फिल्म यूनिट और होटल प्रबंधन के बीच पैसों को लेकर विवाद सामने आया है। मामला कमरे के किराए, रूम सर्विस और खाने की गुणवत्ता से जुड़ा बताया जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच अनबन के चलते फिल्म यूनिट ने होटल को दिए जाने वाले भुगतान को लेकर आपत्ति जताई।

जानकारी के अनुसार जब फिल्म यूनिट होटल खाली कर दूसरे होटल में शिफ्ट होना चाहती थी, तो होटल प्रबंधन ने बकाया भुगतान चुकाने के बाद ही होटल छोड़ने की बात कही। होटल प्रबंधन का कहना था कि कमरे फिल्म के प्रोड्यूसर द्वारा बुक कराए गए हैं और उनके साथ हिसाब साफ होने के बाद ही यूनिट को जाने दिया जाएगा। हालांकि इस पूरे मामले में अब तक न तो होटल प्रबंधन और न ही फिल्म यूनिट या प्रोड्यूसर की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज कराई गई है।

मिसरोद थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्यारह मील बायपास पर टोल प्लाजा के सामने स्थित होटल अभिनंदन पैलेस भोपाल के राजहंस ग्रुप का होटल है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले एक निर्माणाधीन फिल्म के प्रोड्यूसर ने फिल्म यूनिट के ठहरने के लिए करीब दो दर्जन कमरे बुक कराए थे, जिसमें यूनिट के सदस्य ठहरे हुए हैं।

ये भी पढ़ें: Seoni News: पेंच टाइगर रिजर्व में युवक का क्षत-विक्षत शव मिला, बाघ के हमले की आशंका

मंगलवार सुबह रूम सर्विस में कथित कमी, खाने की गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं को लेकर फिल्म यूनिट और होटल स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद फिल्म यूनिट ने होटल छोड़ने की तैयारी शुरू कर दी लेकिन होटल प्रबंधन ने पूरा भुगतान होने तक बाहर जाने से मना कर दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सूचना मिलने पर पुलिस दो बार होटल पहुंची लेकिन होटल प्रबंधन की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। वहीं फिल्म यूनिट ने भी पुलिस को बताया कि यह आपसी मामला है, जिसे मुंबई में उनकी टीम आपस में सुलझा रही है और उन्हें किसी प्रकार की पुलिस सहायता की आवश्यकता नहीं है।

मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि सूचना मिली थी कि होटल अभिनंदन पैलेस में ठहरी एक फिल्म यूनिट का होटल प्रबंधन से पैसों के लेनदेन और सर्विस को लेकर कुछ विवाद है। दोनों पक्ष अपने स्तर पर मामला सुलझा रहे हैं। इस संबंध में पुलिस में किसी ने भी शिकायत नहीं की है। बाहरी अतिथियों के क्षेत्र में होने के चलते पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *