होली से ठीक पहले राजधानी भोपाल में मिलावट के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसा है। खजूरी सड़क स्थित टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में संदिग्ध मावा और पनीर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान वाहन से करीब 27 क्विंटल मावा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपए आंकी गई है। इसके साथ 45 किलो पनीर भी मिला। प्राथमिक जांच में मिलावट की आशंका जताई गई, जिसके आधार पर मावा और पनीर के पांच-पांच नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार से पहले सख्ती, सप्लाई चेन पर नजर
दरअसल होली के दौरान मावा, पनीर और मिठाइयों की खपत कई गुना बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। इस बार प्रशासन ने पहले ही अलर्ट जारी कर सप्लाई चेन पर निगरानी बढ़ा दी है। टोल नाकों और थोक बाजारों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बाहर से आने वाले संदिग्ध खाद्य पदार्थों को शहर में प्रवेश से पहले ही रोका जा सके।
यह भी पढ़ें-भोपाल निगम मुख्यालय निर्माण पर घमासान, 22 करोड़ से 72 करोड़ पहुंची लागत, भ्रष्टाचार के आरोप
एक महीने में 234 सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि पिछले एक माह में शहर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। नमकीन, मिठाई, पनीर, खाद्य तेल, मैदा, बेसन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 234 नमूने लेकर राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ जुर्माना, लाइसेंस निलंबन या आपराधिक प्रकरण दर्ज करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें-मौसम का यू-टर्न, दिन में तपिश, पारा 35 डिग्री पार, रात में ठंडक, 2 मार्च से फिर बदलेगा मिजाज
सेहत से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार के नाम पर आम जनता की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी मावा और नकली दुग्ध उत्पादों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। होली के पहले इस बड़ी जब्ती ने मिलावट के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा दिया है।
