राजधानी में एक बार फिर धमकी भरे ई-मेल से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस बार एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के कार्यालय को साइनाइड गैस से भरे सिलेंडरों से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए और पूरे परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
दोपहर 1 बजे विस्फोट हो जाएगा
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9 बजे विभाग को एक ई-मेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि कार्यालय परिसर में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं और दोपहर 1 बजे विस्फोट हो जाएगा। मेल मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाल दिया गया।
कई घंटों तक चली सर्चिंग
इसके बाद एमपी नगर थाना पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे भवन की बारीकी से जांच की। कई घंटों तक चली सर्चिंग के बाद कोई सिलेंडर या विस्फोटक नहीं मिला, जिससे यह धमकी फर्जी साबित हुई।
यह भी पढ़ें-नाले से गैस निकालने उतरे कांग्रेसी, LPG संकट पर अनोखा प्रदर्शन, लकड़ी के चूल्हे पर बनानी पड़ी चाय
पहले भी मिल चुके हैं धमकी भरे मेल
राजधानी में इससे पहले भी पीपुल्स विश्वविद्यालय और एम्स को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल भेजे जा चुके हैं। उन मामलों में भी सर्चिंग के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला था और सूचना झूठी पाई गई थी।
फिलहाल पुलिस धमकी भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
