भोपाल में एलपीजी सप्लाई की किल्लत के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य विभाग ने शुक्रवार को शहर में छापेमारी कर 36 गैस सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई के दौरान होटल में घरेलू सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग और अवैध रीफिलिंग का मामला सामने आया। जांच के दौरान जहांगीराबाद क्षेत्र में एक टी स्टॉल पर घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। नियमों के खिलाफ इस्तेमाल करने पर संचालक से सिलिंडर जब्त किया गया।
रीफिलिंग करते रंगे हाथ पकड़े
मुस्कान इलेक्ट्रिकल में घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का काम चल रहा था। टीम ने मौके से 3 घरेलू सिलेंडर,1 कमर्शियल सिलिंडर,1 छोटा लोकल सिलिंडर जब्त किया। वहीं शब्बन चौराहे पर खड़े एक डिलीवरी वाहन की जांच में 30 भरे हुए कमर्शियल सिलिंडर मिले।वाहन चालक वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद वाहन सहित सभी सिलिंडर जब्त कर लिए गए। जबकि न्यू मार्केट स्थित गैस एजेंसी पर भी शिकायत के आधार पर जांच की गई। यहां स्टॉक और कर्मचारियों की जानकारी की पड़ताल की गई।
यह भी पढ़ें-चांद का दीदार नहीं, अब 21 मार्च को होगी ईद, शहरभर में नमाज के टाइम तय, फित्रा की रकम भी घोषित
सप्लाई ठप, बढ़ा दुरुपयोग
जानकारी के लिए बतादें कि राजधानी भोपाल में बीते 10 दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित है। इसी का फायदा उठाकर कई जगह घरेलू सिलिंडर का गलत उपयोग और अवैध रीफिलिंग की जा रही थी। जबकि विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई भी की जा रही है।
