भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) के चुनाव को लेकर व्यापारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह 8 बजे से मानस भवन में मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चला। मतदान केंद्र के बाहर दिनभर व्यापारियों की लंबी कतारें लगी रहीं। चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए जाएंगे। इस बार चैंबर चुनाव खासा अहम माना जा रहा है, क्योंकि अध्यक्ष पद के लिए गोविंद गोयल और तेजकुलपाल सिंह पाली के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला है। दोनों प्रत्याशियों ने व्यापारियों के हितों को लेकर बड़े वादे किए हैं।

20 बूथ, दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था

चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. पीसी कोठारी ने बताया कि पॉलीटेक्निक कॉलेज चौराहा स्थित मानस भवन में 20 मतदान बूथ बनाए गए थे। इनमें से 2 विशेष बूथ दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए थे, ताकि उन्हें मतदान में कोई परेशानी न हो। मेडिकल टीम भी पूरे समय तैनात रही। उन्होंने बताया कि चैंबर के कुल 2236 मतदाता हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए करीब 170 सदस्यों की टीम तैनात रही।

यह भी पढ़ें-बजट के खिलाफ भोपाल में कांग्रेस का झुनझुना लेकर विरोध,उमंग सिंघार बोले-यह बजट आम जनता के लिए नहीं

व्यापारिक विकास पर फोकस

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार गोविंद गोयल ने कहा कि जीत के बाद उनकी पहली प्राथमिकता व्यापार में आ रही बाधाओं को दूर करना होगी। उन्होंने भोपाल को राष्ट्रीय स्तर का लॉजिस्टिक हब बनाने, फार्मा और मेडिकल ट्रेड को बढ़ावा देने और युवा व्यापारियों के लिए स्टार्टअप व निवेश से जुड़े कार्यक्रम शुरू करने की बात कही। वहीं, प्रत्याशी तेजकुलपाल सिंह पाली ने कहा कि जीतने पर चैंबर के पुराने लंबित काम पूरे किए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने और जीएसटी, आयकर व नगर निगम से जुड़े मामलों के लिए चैंबर में स्थायी हेल्प डेस्क बनाने का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें-केंद्रीय बजट पर भोपाल में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं,किसी ने बताया ऐतिहासिक तो किसी ने कहा लोकलुभावन

60 उम्मीदवार मैदान में

इस चुनाव में 12 पदाधिकारी और 24 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए कुल 60 उम्मीदवार मैदान में हैं। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुए इस मतदान ने साफ कर दिया कि भोपाल का व्यापारी वर्ग चैंबर को मजबूत और सक्रिय देखना चाहता है।अब सभी की निगाहें कल आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि भोपाल चैंबर की कमान किसके हाथों में जाएगी।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed