भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) के अध्यक्ष पद पर गोविंद गोयल ने जीत दर्ज कर ली है। कड़े और लंबे चले मुकाबले में गोयल को 1085 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी तेजकुल पाल सिंह पाली को 892 वोट हासिल हुए। 17 वोट अमान्य घोषित किए गए। कुल 40 राउंड की मतगणना के बाद गोविंद गोयल को 193 वोट से विजयी घोषित किया गया।
मतगणना में देरी, फिर तेज़ी से बदला माहौल
मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होनी थी, लेकिन वोटिंग देर रात तक चलने और मतपेटियों के श्यामला हिल्स थाने में जमा होने के कारण प्रक्रिया करीब तीन घंटे देरी से शुरू हुई। दोपहर तक मतों के बंडल बनाए गए और इसके बाद गिनती का सिलसिला शुरू हुआ।
यह भी पढ़ें-भोपाल हिंदू उत्सव समिति बनाएगी वार्ड-स्तरीय महिला नेटवर्क, आत्मरक्षा प्रशिक्षण की भी योजना
व्यापारियों की संस्था, इसलिए रहा हाई-वोल्टेज चुनाव
भोपाल चैंबर प्रदेश की बड़ी व्यापारी संस्थाओं में से एक है, इसलिए चुनाव को लेकर व्यापारिक संगठनों में खासा उत्साह दिखा। रविवार को हुए मतदान में करीब 2000 व्यापारियों ने वोट डाले थे, जिनमें पोस्टल और टेंडर वोट भी शामिल रहे। करीब 170 सदस्यों की टीम ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को अंजाम दिया। पर्यवेक्षक डॉ. पीसी कोठारी और सीए वैभव जैन ने बताया कि पॉलीटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन में मतगणना कराई गई। श्यामला हिल्स थाने से मतपेटियां लाकर उम्मीदवारों की मौजूदगी में वोटों की गिनती की गई।
यह भी पढ़ें-चार महीने बाद भी रिजल्ट नहीं, प्राथमिक शिक्षक भर्ती पर सवाल, अभ्यर्थी पहुंचे ESB दफ्तर
जीत के बाद गोयल का विजन
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोविंद गोयल ने कहा कि व्यापारियों में एकता सबसे जरूरी है। उन्होंने भोपाल को राष्ट्रीय स्तर का लॉजिस्टिक हब बनाने, थोक फार्मा और मेडिकल ट्रेड को बढ़ावा देने तथा युवा व्यापारियों के लिए स्टार्टअप और निवेश से जुड़े सेमिनार आयोजित करने की बात कही।
