भानपुर जोन के अटल नेहरू नगर में बिजली कंपनी की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां रहने वाले विकलांग हाफिज सईद और उनके परिवार को बिना बिजली मीटर के 1 लाख 76 हजार रुपये का बिजली बिल थमा दिया गया। बिल जमा नहीं होने पर बिजली कंपनी ने कनेक्शन काट दिया और घर के बाहर बंदूकधारी गार्ड तैनात कर दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली कंपनी की कार्रवाई का विरोध किया। कांग्रेस ने प्रतीकात्मक रूप से गांधीगिरी करते हुए बंदूकधारी गार्ड को फूल माला पहनाकर विरोध दर्ज कराया।

कभी बिजली मीटर लगाया ही नहीं गया

परिवार का कहना है कि उनके घर में कभी बिजली मीटर लगाया ही नहीं गया। इसके बावजूद बिजली कंपनी यह दावा कर रही है कि लंबे समय से आसपास के घरों से अवैध रूप से बिजली उपयोग की जा रही थी, इसी आधार पर चालान बनाकर भारी भरकम बिल भेजा गया है। परिवार का आरोप है कि वे गरीब और विकलांग हैं, इतनी बड़ी राशि जमा करना उनके लिए असंभव है।

यह भी पढ़ें-कांग्रेस का आरोप, फॉर्म‑7 का दुरुपयोग, मतदाता सूची से नाम हटाने की कोशिश, थाने में शिकायत दर्ज

अमानवीय व्यवहार किया जा रहा

मनोज शुक्ला ने कहा कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में बिजली कंपनी के अधिकारियों द्वारा गरीब परिवारों के साथ लगातार अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। बिना मीटर के लाखों रुपये का बिल थमाना और घर के बाहर हथियारबंद गार्ड बैठाना गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि निर्धन और विकलांग परिवार इतनी बड़ी रकम कैसे जमा करेंगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों से वोट लेकर सत्ता में आती है, लेकिन चुनाव के बाद उन्हीं गरीबों के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। पार्टी ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए बिल निरस्त करने और परिवार को राहत देने की मांग की है। इस दौरान दीपक दीवान, महेश मेहरा, बाबर खान, युवराज सिंह राय, अलीमुद्दीन बिल्ले, अशरफ खान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *