राजधानी भोपाल के आदमपुर स्थित कचरा डंपिंग ग्राउंड में सोमवार को एक बार फिर आग भड़क गई। कचरे के ऊंचे ढेर में लगी आग की लपटें करीब 20 फीट तक उठती दिखाई दीं, जबकि काले धुएं का गुबार लगभग 10 किलोमीटर दूर से नजर आया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई और मौके पर पहुंची दमकल टीमों को आग पर काबू पाने में मशक्कत करनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि शाम करीब 4 बजे डंपिंग साइट के मुख्य गेट के पास आरडीएफ (Refuse Derived Fuel) के ढेर से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने आसपास पड़े कचरे को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने पहले कचरा हटाने की कोशिश की और फिर दमकल कर्मियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

हर साल बनती है आग की बड़ी घटना

आदमपुर कचरा खंती में आग लगने की घटनाएं नई नहीं हैं। गर्मियों के मौसम में यहां अक्सर कचरे के ढेर में आग भड़क जाती है और कई घंटों तक धुआं उठता रहता है। कचरे में बनने वाली गैस और अत्यधिक जमा कचरा इसकी बड़ी वजह मानी जाती है।

पहले भी कई बार भड़क चुकी है आग

अप्रैल 2025: डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग लगी थी, जिसमें कचरे का बड़ा हिस्सा जल गया था और धुआं शहर के कई हिस्सों से दिखाई दिया था।

2024 में भी कई घटनाएं: गर्मियों के दौरान यहां कई बार छोटी-बड़ी आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं, जिन पर दमकल की मदद से काबू पाया गया था।

2023: कचरे के ढेर में लगी आग कई घंटे तक धधकती रही थी और आसपास के इलाकों में धुआं फैल गया था।

आसपास के इलाकों में धुएं का असर

कचरे में लगी आग से उठने वाला धुआं आसपास के गांवों और कॉलोनियों तक पहुंच जाता है। इससे कई बार लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कतें भी होती हैं।

यह भी पढ़ें-नाले से गैस निकालने उतरे कांग्रेसी, LPG संकट पर अनोखा प्रदर्शन, लकड़ी के चूल्हे पर बनानी पड़ी चाय

कचरे का बढ़ता ढेर बन रहा खतरा

भोपाल शहर से रोजाना बड़ी मात्रा में कचरा इस डंपिंग साइट पर पहुंचता है। कचरे का लगातार बढ़ता ढेर और गर्मी में बनने वाली गैस अक्सर आग की वजह बन जाती है। यही कारण है कि यहां स्थायी रूप से दमकल की व्यवस्था भी रखी गई है, लेकिन इसके बावजूद हर साल आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *