राजधानी भोपाल में मामूली बात पर हिंसा का मामला सामने आया है। रंभा नगर में देर रात एक युवक पर घूरने की बात को लेकर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक के पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज हमीदिया अस्पताल में चल रहा है। गौतम नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं।

गौतम नगर पुलिस के अनुसार 31 वर्षीय गुलफाम पुत्र मोहम्मद जुबैर रंभा नगर का निवासी है और ऐशबाग क्षेत्र में बाग फरहत अफजा इलाके में लेडिज टेलर की दुकान संचालित करता है। वहीं आरोपी साजिद मौलाना और शहजाद मौलाना भी रंभा नगर के ही रहने वाले हैं।

बताया गया है कि देर रात गुलफाम दुकान बंद कर घर लौटा और घर के पास एक टॉप एंड टाउन के बाहर खड़ा था। उसी दौरान पास में खड़े साजिद और शहजाद ने उससे पूछ लिया कि वह उन्हें घूर क्यों रहा है। गुलफाम ने इससे इंकार किया लेकिन इसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई।

ये भी पढ़ें: Sehore News: निजी स्कूलों पर कसा शिकंजा, फीस छुपाई तो अब खैर नहीं! कलेक्टर का आदेश- पोर्टल पर दिखाएं हर शुल्क

विरोध करने पर साजिद और शहजाद ने गुलफाम के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख साजिद के बेटे भी मौके पर पहुंच गए। साहिल और बिलाल नामक युवकों ने गुलफाम के पेट में चाकू घोंप दिया और हाथ में भी तीन जगह वार किए।

गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों को जानकारी मिलने पर गुलफाम को हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर साजिद और अन्य को आरोपी बनाया गया है, जबकि पूछताछ के बाद आरोपियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। घायल के परिजनों का आरोप है कि सभी आरोपियों के नाम बताए जाने के बावजूद पुलिस ने सभी को एफआईआर में शामिल नहीं किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *