राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर पर होने वाली सायबर जालसाजी के मामलों में अब लगातार एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। एक दिन पहले शहर के विभिन्न थानों में कुल 29 प्रकरण दर्ज किए गए थे। बीते चौबीस घंटों के अंदर शहर के अलग-अलग थानों में एक दर्जन और मामले दर्ज किए जा चुके हैं। शाहजहांनाबाद में ऑनलाइन डॉक्टर सर्च कर रहे एक युवक के एकाउंट से जालसाजों ने 3 लाख 85 हजार रुपये ठग लिए। इधर बैरागढ़ में रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ एक रुपए का पुराना नोट खरीदने का झांसा देकर एक लाख चौदह हजार की ठगी का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार विजय जुमनानी (43) शाहजहांनाबाद में रहते हैं। पिछले दिनों वह अपनी माताजी का इलाज कराने के लिए ऑनलाइन डॉक्टर सर्च कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक मैसेज मिला। उन्होंने मैसेज चैक किया तो भेजने वाले ने उन्हें एक एपीके फाइल भेजी और उसे खोलकर 10 रुपए ट्रांसफर करने का बोला। विजय ने जैसे ही दस रुपये ट्रांसफर किए, वैसे ही उनके फोन की पूरी जानकारी जालसाज के पास पहुंच गई। बाद में जालसाज ने कुल 23 ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके एकाउंट से 3 लाख 85 हजार रुपये निकाल लिए। इधर बैरागढ़ में रहने वाले गोपाल प्रसाद चौरसिया (76) पिछले दिनों फेसबुक चला रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक विज्ञापन पर पड़ी, जिसमें लिखा था कि एक रुपये के पुराने नोट के बदले 8 लाख रुपये दिए जाएंगे। गोपाल ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो जालसाज ने उन्हें बातों में उलझाया और अलग-अलग कारण बताकर 1 लाख 15 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
ये भी पढ़ें- पीपुल्स विवि को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में साइनाइड बम का दावा, पुलिस ने परिसर खाली कराया
दर्जनों लोगों के साथ हुई लाखों रुपये की ठगी
अशोका गार्डन पुलिस ने मयूर विहार कॉलोनी निवासी रश्मि पटेल की रिपोर्ट पर ठगी का केस दर्ज किया है। आरोपियों ने उनके साथ 1 लाख 90 हजार की ठगी कर ली। मिसरोद थानांतर्गत बंगरसिया में रहने वाले इब्राहिम अंसारी के साथ 1 लाख 21 हजार रुपये, बागसेवनिया स्थित रजत विहार कालोनी में रहने वाले सुभाष साहू के साथ बिजली का मीटर लगाने के नाम पर 4 लाख 95 हजार की ठगी की गई है। इसी प्रकार साकेत नगर बागसेवनिया निवासी रमाशंकर सिंह से 1 लाख 18 हजार रुपए और कुंजन नगर बागेसवनिया निवासी अजयकृष्ण पांडेय के साथ 5 लाख 56 हजार का साइबर जालसाजों ने ठगी कर ली। इधर कोलार थानांतर्गत सैफरान कालोनी में रहने वाले सविता शर्मा के साथ 1 लाख 77 हजार रुपए, बंजारी कोलार रोड निवासी रीनू सोंधिया के साथ 1 लाख 93 हजार रुपये और सर्वधर्म कालोनी निवासी रविंद्र तुसारकर के साथ एक लाख रुपये की ठगी की गई। छोला मंदिर थानांतर्गत उडिय़ाबस्ती शंकर निवासी विपिन नाथ के साथ 1 लाख 86 हजार रुपए और मालीखेड़ी निवासी कैलाश गोयल के साथ 1 लाख 95 हजार की ठगी की गई। बैरागढ़ स्थित देवलोक कालोनी निवासी नरेश चावला के साथ 2 लाख 35 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।
एक दिन पहले दर्ज हुए थे 29 प्रकरण
एक दिन पहले थाना ऐशबाग, हबीबगंज, अशोका गार्डन, कमला नगर, पिपलानी, अवधपुरी, मिसरोद, बागसेवनिया, कोलार, निशातपुरा और गांधी नगर में सायबर जालसाजी के कुल 29 प्रकरण दर्ज किए गए थे। अगले दिन पुलिस ने 12 अपराध दर्ज किए हैं। बताया जाता है कि जालसाजी के मामलों में एफआईआर का यह सिलसिला आगे जारी रहेगा। पुलिस को राष्ट्रीय हेल्प लाइन की तरफ से करीब सवा सौ शिकायतें मिली हैं, जिनमें कार्रवाई होना है। भोपाल पुलिस ने आम जनता से अनुरोध किया है कि वह सायबर जालसाजों से सतर्क रहें और किसी प्रकार के लालच में आकर अपनी निजी जानकारी किसी के साथ शेयर नहीं करें। किसी प्रकार की घटना होने पर राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
