राजधानी के बिलखिरिया थाना क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बाइक की टक्कर से पलटे ऑटो में सवार एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं अन्य हादसों में एक पैदल युवक और बाइक सवार महिला की जान चली गई। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी उमेश सिंह चौहान ने बताया कि रमेश वंशकार (48), निवासी थाना सुठालिया, जिला राजगढ़, ऑटो चालक है। गुरुवार को वह गुना निवासी अपने रिश्तेदार तुलाराम, पुनिया बाई, पप्पू सिंह, मोहर बाई और सोनू को ऑटो में बैठाकर ग्राम सिरोलिया, थाना उमरावगंज, जिला रायसेन जा रहा था। रात करीब पौने दस बजे जब वह बिलखिरिया स्थित रिलायंस गैस प्लांट के पास पहुंचा, तभी रायसेन की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक चालक ने सामने से ऑटो में टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया।

हादसे में ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को रायसेन रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल पुनिया बाई (45) को हमीदिया अस्पताल रैफर किया गया था, जहां शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

ये भी पढ़ें: Narmadapuram News: नर्मदा प्रकटोत्सव को लेकर बदली यातायात व्यवस्था, जानें क्या है प्रशासन की तैयारी

इसी थाना क्षेत्र में एक युवक की कार से कुचलकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में सड़क किनारे खड़े धर्मेंद्र यादव (40) को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही कार चालक उसे कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र यादव को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है।

इसी इलाके में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक युवक और पीछे बैठी दो महिलाएं घायल हो गई थीं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शनिवार सुबह एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

उधर कान्हासैया-बिलखिरिया निवासी विक्रम सिंह (52) ने शुक्रवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक खेती-किसानी करता था। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *