मध्यप्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आर.बी. प्रजापति को एक बिल्डर द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रजापति ने भोपाल पुलिस आयुक्त और डीसीपी जोन-4 को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक संबंधित बिल्डर के बयान दर्ज नहीं किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, आर.बी. प्रजापति करोंद स्थित पीपुल्स मॉल के पीछे प्रीमियर ऑर्चर्ड कॉलोनी, रासलाखेड़ी में परिवार के साथ निवास करते हैं। इस कॉलोनी का निर्माण एसवी इंफ्रास्ट्रक्चर के संचालक नितिन अग्रवाल द्वारा कराया गया है। आरोप है कि कॉलोनी में वादा की गई सुविधाएं पूरी नहीं की गईं।

बताया गया कि बिल्डर ने कॉलोनी के संशोधित नक्शे (अभिन्यास) के लिए नगर एवं ग्राम निवेश (टीएंडसीपी) विभाग से अनुमति ली थी, जिस पर कॉलोनीवासियों से आपत्तियां मांगी गईं। इस पर प्रजापति और अन्य रहवासियों ने 20 और 27 जनवरी को आपत्ति दर्ज कराई थी।

पढे़ं:  भोपाल में बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रही गैस, दर-दर भटक रहे लोग; एजेंसी के दावे हवा-हवाई

मामले की सुनवाई के लिए 12 मार्च की तारीख तय की गई थी। प्रजापति का आरोप है कि सुनवाई से पहले बिल्डर और उसके सहयोगियों ने आपत्ति वापस लेने के लिए उन्हें प्रलोभन दिए और फोन व व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया। यहां तक कहा गया कि बिल्डर व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें “खुश” कर देंगे।

प्रजापति ने मिलने से इनकार कर दिया और निर्धारित तिथि पर सुनवाई में शामिल हुए। इसके बाद 24 मार्च को कॉलोनी के एक अन्य निवासी के माध्यम से बिल्डर द्वारा मिलने का संदेश भिजवाया गया। 25 मार्च को बताया गया कि बिल्डर का बेटा गनमैन के साथ उनके घर भी पहुंचा था।

प्रजापति के अनुसार, 27 मार्च को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को “ठाकुर” बताते हुए बात करने की कोशिश की। मना करने पर उसने धमकी दी और कहा, “मैं आपको मृत्यु प्रमाण पत्र देना चाहता हूं।” इसके बाद भी उन्हें कई धमकी भरे कॉल प्राप्त हुए। प्रजापति ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *