भोपाल के शाहजहांनाबद इलाके की कलारी गद्दीदार के रूप में काम करने वाले कर्मचारी ने चोरी-छिपे 2 लाख 30 हजार रुपए की शराब बेच दी। हाल ही में जब बेची गई शराब और उससे हुई आय का मिलान किया गया तो मामले का खुलासा हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि योगेश सिंह चौहान पिता माधव सिंह चौहान (51) एक शराब कंपनी के लिए बतौर मैनेजर काम करते हैं। उनकी फर्म की एक कलारी शाहजहांनाबाद इलाके में है। योगेश ने पिछले दिनों जब इस दुकान का ऑडिट करते हुए बेची गई शराब और उससे हुई आय का मिलान किया तो दोनों के बीच 2 लाख 31 हजार 500 रुपए का अंतर आया। उन्होंने अपने अपने स्तर पर जांच की।
पढ़ें: आंबेडकर पोस्टर विवाद: वकील अनिल मिश्रा के फरियादी दलित नेता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, तनाव का माहौल
इस जांच में दुकान के गद्दीदार मयूर श्रीवास को गबन का आरोपी माना गया। तस्दीक में पता चला कि अक्टूबर महीने के बाद से करीब सवा दो महीने में मयूर ने उक्त राशि की शराब चोरी-छिपे बेच दी तथा उसका पैसा अपने पास रख लिया। मामले की शिकायत योगेश सिंह चौहान ने शाहजहांनाबाद थाने में की गई। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मयूर के खिलाफ गबन का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।