वैशाख कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर सोमवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्त देर रात से ही कतार में लगकर अपने इष्ट देव के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह करीब 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही भगवान महाकाल का अलौकिक श्रृंगार किया गया और विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में “जय श्री महाकाल” के जयघोष गूंजते रहे।
मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि भस्म आरती से पूर्व वीरभद्र जी से आज्ञा ली गई। इसके बाद गर्भगृह में स्थापित सभी देव प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन किया गया। भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटानाद कर ‘हरि ओम’ का जल अर्पित किया गया।
इसके पश्चात पुजारियों और पुरोहितों ने बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार किया और कपूर आरती के बाद उन्हें नवीन मुकुट धारण कराया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई, जिसके बाद झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्म आरती संपन्न हुई।
आज के विशेष श्रृंगार में भगवान महाकाल को भांग से सजाया गया। साथ ही त्रिपुंड, चंद्रमा और बेलपत्र से अलंकृत किया गया। इस दिव्य स्वरूप के दर्शन का लाभ हजारों श्रद्धालुओं ने लिया। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
यह है आरती का समय
– भस्म आरती सुबह 4 से 6 बजे तक
– दद्योदक आरती प्रात: 7 से 7:45 बजे तक
– भोग आरती प्रात: 10 से 10:45 बजे तक
– संध्या पूजन सायं 5 से 5:45 बजे तक
– संध्या आरती सायं 7:00 से 7:45 बजे
– शयन आरती रात्रि 10:30 से 11:00 बजे तक
महाकालेश्वर मंदिर मे आरतियों के समय में हुआ यह बदलाव आश्विन मास की पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) तक जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: एमपी में 9 अप्रैल तक जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर, 7 से नया सिस्टम, आज इन जिलों में अलर्ट
प्रसिद्ध गणितज्ञ पद्मश्री आनंद कुमार व डॉ. प्रवीण तोगड़िया पहुंचे महाकाल
प्रसिद्ध गणितज्ञ पद्मश्री आनंद कुमार ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन लाभ लिए। वहीं, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ प्रवीण तोगड़िया ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन लाभ लिए। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से इनका स्वागत किया गया।

बाबा महाकाल के ऐसे हुए दर्शन– फोटो : credit

आनंद कुमार।

डॉ. प्रवीण तोगड़िया।
