प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री कनिका मान ने मंगलवार सुबह ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान वे भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आईं। पहली बार महाकाल के दरबार पहुंचीं कनिका मान ने भस्म आरती का अद्भुत अनुभव साझा किया।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने सबसे पहले “जय श्री महाकाल, हर-हर महादेव” का उद्घोष किया। उन्होंने कहा कि यह उनका महाकाल मंदिर में पहला आगमन है और यहां आकर उन्हें बेहद खास अनुभूति हुई। उन्होंने बताया कि जब भी वह शिव मंदिर जाती हैं तो एक अलग तरह का उत्साह महसूस होता है, लेकिन महाकाल की भस्म आरती का अनुभव शब्दों में बयान करना मुश्किल है।

कनिका ने कहा कि भस्म आरती के दौरान मंदिर में हजारों श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन उन्हें कहीं भी अव्यवस्था महसूस नहीं हुई। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो काफी भीड़ नजर आई, लेकिन फिर भी ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि किसी श्रद्धालु को परेशानी हो रही हो। सभी लोग शांतिपूर्वक बैठकर बाबा महाकाल के दर्शन कर रहे थे और भक्ति में डूबे हुए थे।

पढ़ें: मल्होत्रा से पहले तीन भाजपा विधायकों का चुनाव भी हो चुका शून्य, एक को मिली राहत, दो की विधायकी गई

उन्होंने महाकाल मंदिर समिति की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। कनिका मान ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए बहुत अच्छे प्रबंध किए गए हैं और कहीं भी किसी तरह की असुविधा नहीं होती। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि महाकाल मंदिर में भीड़ को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, यहां बहुत व्यवस्थित तरीके से सभी को बाबा महाकाल के दर्शन कराए जाते हैं।

जानिए कौन हैं कनिका मान

कनिका मान भारतीय टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्री हैं, जो मुख्य रूप से हिंदी टीवी धारावाहिकों में काम करती हैं। उन्हें ज़ी टीवी के लोकप्रिय शो “गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा” में गुड्डन जिंदल और गुड्डन बिड़ला के डबल रोल के लिए खास पहचान मिली। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो “बढ़ो बहू” में तितली के किरदार से की थी।

कनिका मान ने एमएक्स प्लेयर की वेब सीरीज़ “रूहानियत” से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी डेब्यू किया। इसके अलावा वह रियलिटी शो “खतरों के खिलाड़ी 12” में भी नजर आ चुकी हैं, जहां वह फाइनलिस्ट रही थीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *