ग्वालियर में मोबाइल के विवाद में चचेरे भाइयों ने एक युवक की बेरहमी से पीट पीटकर हत्या कर दी। घटना शिव शक्ति नगर, घासमंडी क्षेत्र की है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय नरेंद्र पिता मुन्नालाल बाथम के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि नरेंद्र अपने रुपए और मोबाइल मांगने ताऊ दयानंद बाथम के घर पहुंचा था। वहां मौजूद उसके चचेरे भाई जगदीश बाथम, राकेश बाथम और बल्लू बाथम से उसकी कहासुनी हो गई। जैसे ही नरेंद्र ने अपने पैसे मांगे, तीनों आरोपी आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने नरेंद्र के हाथ लोहे की जंजीर से बांध दिए और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। उसे जमीन पर पटककर पेट और चेहरे पर लात-घूंसे मारे गए। तीनों तब तक मारते रहे, जब तक नरेंद्र बेहोश नहीं हो गया। इसके बाद उस पर ठंडा पानी डालकर होश में लाया गया और दोबारा पीटा गया। इस दौरान आरोपियों ने उसके सिर पर पैर भी रखा। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें- आनंदपुर धाम ट्रस्ट से रिश्वत मांगने की शिकायत पर नपे अशोकनगर कलेक्टर, साकेत मालवीय को सौंपी कमान

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। नरेंद्र को बेहोशी की हालत में देखकर उस पर पानी छिड़का गया, जिससे उसे कुछ होश आया। इसके बाद परिजन उसे घर ले गए, कपड़े बदलवाकर सुला दिया। परिजनों को लगा कि वह ठीक है, लेकिन जब उसे जगाने की कोशिश की गई तो वह नहीं उठा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस भिजवाया। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों जगदीश, राकेश और बल्लू को हिरासत में ले लिया। मृतक नरेंद्र एजी ऑफिस में कैंटीन का संचालन करता था, जबकि उसके पिता मुन्नालाल बाथम पूर्व सांसद रामलखन सिंह के यहां गार्ड की नौकरी करते हैं। परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र का कोई कसूर नहीं था और आरोपियों के साथ घर की कुछ महिलाओं ने भी मारपीट की थी।

परिजनों ने बताया कि नरेंद्र की शादी तीन साल पहले हुई थी, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। कुछ दिन पहले उसने बैंक से 80 हजार रुपए नकद निकाले थे, जिन्हें उसके चचेरे भाइयों ने रख लिया था। साथ ही उसका मोबाइल भी छीन लिया गया था। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में टीआई ग्वालियर प्रशांत शर्मा ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *