राजधानी के पुराने शहर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गौतम नगर थाने के जेपी नगर में रहने वाले एक मासूम छात्र की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे घर की बालकनी में खून से लथपथ पाया गया था। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई घंटों तक इलाज चलता रहा, लेकिन शनिवार सुबह उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का तर्क है कि उसने आत्महत्या की है। पुलिस भी अब आत्महत्या मानकर जांच में जुटी है। 

जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय इब्राहिम उर्फ अब्दुल्ला, पिता रिजवान लाला, अपने परिवार के साथ जेपी नगर में रहता था। रिजवान बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का काम करते हैं। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब पौने दो बजे घर में कुछ बाहरी लोगों का आना-जाना भी हुआ था। रात करीब दो बजे के आसपास परिवार के लोगों ने बच्चे को घर की बालकनी में अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसके सिर से खून बह रहा था और आसपास भी खून फैला हुआ था।

घबराए परिजन तुरंत बच्चे को कमला नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण रातभर उपचार जारी रहा, लेकिन शनिवार सुबह करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद गौतम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। 

पढ़ें: लैंगिक अपराध मामले में तत्कालीन एसडीएम दोषी करार, कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा 

रिश्तेदार की अवैध पिस्टल से चली गोली, होगी पूछताछ

हनुमानगंज एसीपी राकेश बघेल ने बताया कि घटना के समय बच्चे का पिता रिजवान लाला परलिया रोड स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गया गया था। पिता के बयान दर्ज किए गए हैं। पिता रिजवान लाला ने बताया कि उसके बहनाई वाहिद नूर जहांगीराबाद में रहते हैं। करीब एक माह तक वाहिद नूर उसके जेपी नगर स्थित घर पर रहकर कुछ दिनों पहले ही गए हैं।

शुक्रवार को सफाई के दौरान जिस कमरे में बहनाई वाहिद नूर रहते थे, उस कमरे से एक अवैध कंट्री मेड पिस्टल बरामद हुई है। उक्त पिस्टल जीजा वाहिद नूर की ही है। बेटे ने पिस्टल को छिपाकर रख लिया और देर रात उसी से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या की है। एसीपी बघेल ने बताया कि एफएसएल के साथ अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। इसके बावजूद परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अगर किसी परिजन की लापरवाही या संलिप्तता प्रतीत होती है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस देर रात तक आसपास मौजूद रहने वाले लोगों के साथ उनकी पृष्टिभूमि की भी जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *