मुरैना जिले के बानमोर कस्बे में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 10वीं बोर्ड परीक्षा देने आई एक छात्रा अचानक परीक्षा केंद्र पर बेहोश होकर गिर पड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बानमोर स्थित पंडित नेहरू कॉलेज परीक्षा केंद्र पर गणित का पेपर चल रहा था। इसी दौरान ग्वालियर जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चकुनारा गांव निवासी देवेंद्र कुशवाह की बेटी वर्षा कुशवाह अचानक अपनी सीट से गिरकर बेहोश हो गई। परीक्षा ड्यूटी में तैनात स्टाफ ने तुरंत छात्रा को संभाला और अधिकारियों को सूचना दी।
वर्षा अपने भाई अंकेश कुशवाह के साथ परीक्षा देने आई थी। दोनों भाई-बहन 10वीं कक्षा में अध्ययनरत थे और बानमोर के ही स्कूल से बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरा था। सूचना मिलते ही परिजन भी परीक्षा केंद्र पहुंचे। आनन-फानन में छात्रा को इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर शोक का माहौल छा गया।
पढ़ें: पीथमपुर में परीक्षा के दौरान नाबालिग छात्रा ने दिया नवजात को जन्म, दुष्कर्म की आशंका
प्रारंभिक तौर पर अचानक हार्ट अटैक को कारण माना जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि छात्रा की मौत अत्यंत दुःखद है। उन्होंने खुद ग्वालियर के डॉक्टरों से इस मामले में संपर्क किया है। प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर यह सामने आया है कि छात्रा अति-कुपोषित थी और गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी। संभवतः इसी कारण हार्ट अटैक आया। सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट होगा।
