सुबह करीब चार बजे बुजुर्ग के घर पर धावा बोल दिया
घटना की जानकारी के अनुसार, बिहारी बंजारे के बेटे ने विदिशा के शमशाबाद की एक युवती के साथ भागकर विवाह कर लिया था। इसी बात से नाराज युवती के परिजन और उनके साथ आए 10-12 लोगों ने सुबह करीब चार बजे बुजुर्ग के घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर उन्होंने बुजुर्ग और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और फिर बिहारी बंजारे को जबरन अपने साथ ले गए।
बुजुर्ग को सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बुजुर्ग को राजगढ़ के ब्यावरा क्षेत्र में ले जाकर फिर से बेरहमी से पीटा और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया। मारपीट के बाद उन्हें सड़क किनारे फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया।
पीड़ित बुजुर्ग किसी तरह अपने परिवार के पास पहुंचे और फिर पुलिस चौकी सेण्डोरा जाकर अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद रायसेन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले को गंभीरता से लिया। फिर पीड़ित को कोतवाली बुलाया। साथ ही राजगढ़ पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। राजगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को अपने साथ लेकर आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हुई।
अत्यंत अपमानजनक व्यवहार किया गया-पीड़ित
बिहारी बंजारे ने आरोप लगाया कि उनके साथ अत्यंत अपमानजनक व्यवहार किया गया है और यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती तो वे गंभीर कदम उठाने को मजबूर होंगे। वहीं, उनके परिवार ने भी न्याय की गुहार लगाई है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें- एमपी में बनेगी एकीकृत दिव्यांग नीति: मानसिक दिव्यांग वयस्कों के लिए शुरू होंगे विशेष शेल्टर होम; मिलेगी राहत
एडिशनल एसपी ने जानें क्या कहा?
एडिशनल एसपी कमलेश कुमार खरपुसे ने बताया कि पुलिस पूरी गंभीरता के साथ मामले की जांच कर रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस मामले में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें भोपाल और विदिशा के लोग भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल पठारी भेज दिया गया है।
