मध्यप्रदेश में लंबे समय से लंबित विकास प्राधिकरणों की नियुक्तियों को लेकर अब हलचल तेज हो गई है। सरकार और संगठन स्तर पर नामों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है और सूत्रों का कहना है कि सूची कभी भी जारी की जा सकती है। कई शहरों के लिए नाम लगभग तय बताए जा रहे हैं, जबकि भोपाल और इंदौर जैसे बड़े प्राधिकरणों को लेकर अभी चर्चा जारी है। जानकारी के अनुसार, इस बार केवल अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि कुछ प्राधिकरणों में उपाध्यक्षों की नियुक्ति भी की जा सकती है। इसके जरिए क्षेत्रीय, सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की जा रही है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- एमपी में बनेगी एकीकृत दिव्यांग नीति: मानसिक दिव्यांग वयस्कों के लिए शुरू होंगे विशेष शेल्टर होम; मिलेगी राहत
इन नामों की चर्चा, अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद
जिन नामों की चर्चा है उनमें देवास विकास प्राधिकरण के लिए बहादुर सिंह मुकाती, जबलपुर के लिए संदीप जैन, ग्वालियर के लिए मधुसूदन भदौरिया, उज्जैन के लिए रवि सोलंकी और रतलाम के लिए मनोज पोरवाल के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। कटनी विकास प्राधिकरण के लिए शशांक श्रीवास्तव, ओरछा विकास प्राधिकरण के लिए अखिलेश अयाची और विंध्य विकास प्राधिकरण के लिए पंचूलाल प्रजापति के नाम भी चर्चा में हैं। ग्वालियर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। यहां सुधीर गुप्ता और वेदप्रकाश शिवहरे के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद ही होगा।
ये भी पढ़ें- MP: सीएम यादव का बड़ा प्रशासनिक संदेश, युवा IAS अफसरों को आदिवासी और चुनौतीपूर्ण जिलों में दी पहली जिम्मेदारी
भोपाल-इंदौर प्राधिकरण के नाम को लेकर मंथन
विकास प्राधिकरणों के अलावा निगम-मंडलों में भी नियुक्तियों के नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही है। इनमें मप्र नागरिक आपूर्ति निगम के लिए पूर्व सांसद केपी यादव का नाम चर्चा में है। वहीं अपैक्स बैंक के लिए महेंद्र सिंह यादव और वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के लिए संजय नगाइच के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि भोपाल विकास प्राधिकरण और इंदौर विकास प्राधिकरण को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है। इन दोनों बड़े प्राधिकरणों में नियुक्तियों को लेकर शीर्ष स्तर पर मंथन जारी है। माना जा रहा है कि इन नामों पर सहमति बनने के बाद एक साथ पूरी सूची जारी की जा सकती है।
ये भी पढ़ें- MP News: राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी बुरी फंसी! High Court सख्त, मांगी रिपोर्ट
इनके आदेश हो चुके है जारी
इससे पहले सरकार ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग में नियुक्तियों की घोषणा की थी। कैलाश जाटव को मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि बरेलाल अहिरवार और रामलाल मालवीय को सदस्य नियुक्त किया गया। इसी तरह, पूर्व विधायक रामलाल रौतेल को अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। आयोग में भगत नेताम और मंगल सिंह धुर्वे को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, केशव सिंह बघेल को मध्य प्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम का अध्यक्ष और ग्वालियर मेला प्राधिकरण में अशोक जादौन को अध्यक्ष और उदयवीर सिंह गुर्जर को उपाध्यक्ष बनाया है। मछुवा कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष महेश केवट को बनाया गया है।
ये भी पढ़ें- MP News: किसानों को CM की सौगात, लाइव आकर किए बड़े ऐलान, 9 मई तक बढ़ी स्लॉट बुकिंग, अब 6 दिन होगी गेहूं खरीद
महिला और बाल आयोग की नियुक्तियों पर सस्पेंस
जानकारी के मुताबिक, सरकार ने मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग और राज्य बाल संरक्षण आयोग के लिए भी नाम लगभग तय कर लिए थे, लेकिन उनकी नियुक्तियों के आदेश अब जारी नहीं हो सके। रेखा यादव को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और निवेदिता शर्मा को राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा चल रही थी।
