इंदौर के लालाराम नगर गार्डन से गुरुवार रात दो बच्चे लापता हुए। दोनों बच्चों को पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लिया है। एक युवती और दो युवक इस अपहरण कांड में शामिल हैं। तीनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
गार्डन में क्रिकेट खेल रहे नैतिक और सम्राट के पास एक युवती आई थी। वह युवती दो-तीन दिन से गार्डन में आ रही थी और दोनों बच्चे भी रोज गार्डन जाते थे। गुरुवार को युवती राधिका ने अपने मोबाइल फोन पर पालतू जानवरों के फोटो दिखाए और कहा कि वे पालतू जानवर उन्हें दे देगी। इसके बाद बच्चे युवती के साथ पैदल चले गए।
गीता भवन क्षेत्र की एक दुकान से युवती ने बच्चों को कुछ खाने-पीने की वस्तुएं भी दिलाईं। सूत्रों के अनुसार, फिर युवती उन्हें एक फ्लैट पर ले गई। वहां उसके दो साथी भी मौजूद थे। फिर युवती ने नैतिक की मां के फोन पर कॉल किया और कहा कि दोनों बच्चे उसके कब्जे में हैं और बच्चे वापस चाहिए तो पंद्रह लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन कुछ देर बाद युवती ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली और उन्हें देर रात हिरासत में ले लिया। आशंका है कि जिस बस्ती में दोनों बच्चे रहते हैं, वहां से भी कोई आरोपियों के साथ मिला हुआ था और घटनाक्रम के बाद की पल-पल की जानकारी आरोपियों को दे रहा था। पुलिस ने आरोपियों को राजेंद्र नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। युवती राधिका एक कंपनी में काम करती है।
