टंकी न भरे जाने की शिकायत को लेकर कांग्रेस पार्षद विनोद यादव ने कई बार निगम के अधिकारियों को समाधान के लिए बोला, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा। …और पढ़ें

HighLights
- टंकी न भरने पर निगम कर्मचारियों को धमकाया, बंधक बनाया
- पार्षद बोले- पिछले कई दिनों से एक दिन छोड़कर भरी जा रही टंकी
- विनोद यादव ने कहा- पानी दिलाने के लिए मरूंगा या मारूंगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। एमआईसी सदस्य और वार्ड 14 के कांग्रेस पार्षद विनोद यादव माठू मंगलवार की देर रात वार्ड में पानी की समस्या से परेशान होकर कपड़े उतारकर नूरगंज स्थित टंकी में कूदने के लिए पहुंच गए। पार्षद का कहना था कि टंकी को सबसे आखिर में भरा जाता है। पिछले कई दिनों से एक दिन छोड़कर टंकी भरी जा रही है।
मंगलवार को स्टार्टर खराब होने के कारण टंकी को नहीं भरा गया। उधर हंगामे की खबर जैसे ही नगर निगम के अधिकारियों को मिली, कर्मचारियों को टंकी भरने के लिए भेजा गया लेकिन पार्षद व वार्ड की जनता ने कर्मचारियों को भी बंधक बना लिया। पार्षद ने धमकी दी कि जनता का पानी दिलाने के लिए मरूंगा या मारूंगा। वार्ड 14 में नूरगंज स्थित पानी की टंकी से ही घरों में आपूर्ति की जाती है।
टंकी न भरे जाने की शिकायत को लेकर पार्षद विनोद यादव ने कई बार निगम के अधिकारियों को समाधान के लिए बोला, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा। टंकी को पहले शाम पांच बजे की सप्लाई से भरा जाता था, पिछले कई दिनों से इसे भरने का समय रात आठ से नौ बजे का कर दिया गया।
देर रात स्टार्टर ठीक कर टंकी को भरा
मंगलवार को जब रात 11 बजे तक टंकी भरने की बारी नहीं आई, तो पार्षद ने पंप ऑपरेटर से बात की। उसका कहना था कि स्टार्टर खराब होने के कारण टंकी नहीं भरी जा सकती है। अब सुबह स्टार्टर को ठीक किया जाएगा, उसके बाद ही पानी मिलेगा।
इससे नाराज होकर पार्षद विनोद यादव कपड़े उतारकर पानी की टंकी में कूदने के लिए पहुंच गए। निगम अधिकारियों ने पार्षद को फोन कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। टंकी भरने की जिम्मेदारी उठा रहे ठेकेदार ध्रुव अग्रवाल को भी मौके पर भेजा गया। देर रात स्टार्टर को ठीक कराकर टंकी को भरा गया।
