मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के परिणाम बुधवार को आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से परिणामों की घोषणा की। इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश भर के लगभग 16 लाख विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है।
इंदौर की तन्वी कुमावत ने किया शहर का नाम रोशन
इंदौर जिले में प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। तन्वी कुमावत ने 12वीं कक्षा के जीव विज्ञान संकाय में पूरे प्रदेश में टॉप किया है। तन्वी ने 500 में से 492 अंक प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसी प्रकार कॉमर्स संकाय में याशी घनरिया ने 485 अंक प्राप्त कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में छठा स्थान सुरक्षित किया है। पीसीएम संकाय की बात करें तो अथर्व देशमुख ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है।

2 of 2
इंदौर के हरि पब्लिक स्कूल में परीक्षा परिणाम की खुशी मनाते हुए बच्चों को मिठाई खिलाई।
– फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
शासकीय विद्यालयों की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
हाईस्कूल परीक्षा के परिणामों में भी इंदौर की बेटियों ने सफलता के झंडे गाड़े हैं। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कृष्णा खाजेकर ने 491 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में 9वां स्थान हासिल किया है। कृष्णा खाजेकर, जो शासकीय कन्या उमावि राजेंद्र नगर की छात्रा हैं, न केवल राज्य स्तर पर 9वें स्थान पर रहीं बल्कि उन्होंने जिला स्तरीय मेरिट सूची में प्रथम स्थान भी प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से विद्यालय और जिले में हर्ष का माहौल है।
सरकारी स्कूलों ने निजी शिक्षण संस्थानों को पछाड़ा
इंदौर जिले के इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में एक दिलचस्प रुझान देखने को मिला है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शासकीय विद्यालयों का प्रदर्शन निजी स्कूलों की तुलना में काफी बेहतर रहा है। कक्षा 12वीं में सरकारी स्कूलों का परिणाम 74.51 प्रतिशत रहा, जबकि निजी स्कूलों का परिणाम 68.56 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसी तरह कक्षा 10वीं में भी सरकारी स्कूलों ने 73.90 प्रतिशत के साथ बाजी मारी है, जबकि निजी स्कूलों का सफलता प्रतिशत 65.77 ही रहा।
