मध्यप्रदेश कांग्रेस में चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर बैठकों का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भोपाल में जारी बैठकों को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि पार्टी अब नाराज नेताओं को मनाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाएगी और संगठन में नई ऊर्जा भरी जाएगी। वर्मा ने बताया कि कल सभी विधानसभा प्रभारियों को भोपाल बुलाया गया था, जहां 4 से 5 घंटे तक लगातार बैठक चली। इस दौरान प्रभारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं और संगठन से जुड़े मुद्दे रखे, जिनके समाधान के लिए एक हफ्ते का समय तय किया गया है।

नाराज नेताओं को मनाने का प्लान तैयार

कांग्रेस अब अंदरूनी नाराजगी को खत्म करने के लिए सक्रिय रणनीति बना रही है। सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि जिन नेताओं में टिकट या पद को लेकर नाराजगी है, उन्हें घर-घर जाकर मनाया जाएगा और उनसे सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही ऐसे नेताओं को पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल करने की भी योजना बनाई जा रही है।

लीडरशिप बना रही संपर्क का डेटा

उन्होंने बताया कि जिला और राज्य स्तर की लीडरशिप यह तय कर रही है कि किस नेता से किस स्तर पर संपर्क किया जाए। इसके लिए एक पूरा डेटा तैयार किया जा रहा है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके। वर्मा ने बताया कि आज भी कांग्रेस कार्यालय में बैठकों का दौर जारी है। जिलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ महिला कांग्रेस की बैठक भी हो रही है, जिसमें संगठन विस्तार और रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

यह भी पढ़ें-स्पीड नहीं सही डेटा ज्यादा जरूरी,भोपाल के नए कलेक्टर ने गिनाईं प्राथमिकताएं, प्रशासनिक बदलाव के संकेत

इंदौर वंदेमातरम विवाद पर कमेटी जांच में जुटी

इंदौर के वंदेमातरम विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी ने जांच के लिए कमेटी बना दी है। दोनों पार्षद माफी मांग चुकी हैं और अब कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

परिसीमन पर बीजेपी पर साधा निशाना

सज्जन सिंह वर्मा ने परिसीमन के मुद्दे पर बीजेपी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह देश को उत्तर और दक्षिण भारत में बांटने की साजिश है और इसके मापदंड उचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां देश को विभाजित करने की ओर ले जा रही हैं।

यह भी पढ़ें-एमपी में 42 डिग्री पार पहुंचा पारा, आज 16 जिलों में लू का अलर्ट, अगले चार दिन और झुलसाएंगे

राज्यसभा चुनाव पर भरोसा, क्रॉस वोटिंग नहीं होगी

राज्यसभा चुनाव को लेकर वर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में कोई क्रॉस वोटिंग नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सभी विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर ली है। जब कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के नामों को लेकर सवाल पूछा गया तो वर्मा ने कहा कि दोनों ही पार्टी के दिग्गज और अनुभवी नेता हैं। पार्टी आलाकमान सभी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लेगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed