भोपाल में ऑटो चालक ने 14 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने नाबालिग को राजस्थान से हिरासत में लेकर परिजनों के सुपुर्द किया और आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐशबाग पुलिस के अनुसार, 12 दिसंबर को सूचना मिली कि 11 दिसंबर को सुबह स्कूल जाने के बहाने घर से निकली 14 वर्षीय किशोरी शाम 4.30 बजे तक घर नहीं लौटी। किशोरी की मां ने स्कूल की शिक्षिका से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि बच्ची पिछले एक सप्ताह से स्कूल नहीं आ रही है।
अगले दिन पुलिस को सूचना दी गई
किशोरी के माता-पिता ने संभावित स्थानों पर तलाश की और रिश्तेदारों से जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अगले दिन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर अगवा करने का प्रकरण दर्ज किया।
मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करके पहुंची टीम
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे संदेही की पहचान हो गई। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान के पाली जिले के लिए रवाना हुई। संदेही युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने पर टीम शिवनाथ सिंह के खेत के टपरे तक पहुंची, जहां नाबालिग भी मिली।
ये भी पढ़ें- MP में SIR गणना पूरी: प्रदेश में 42,74,160 मतदाता नहीं मिले, प्रारूप सूची जारी; दावा-आपत्ति का ये है समय
पुलिस ने इसी लोकेशन से साहिल नामक युवक को भी गिरफ्तार किया, जिसने नाबालिग को साथ लाया था। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि साहिल खान ने उसके साथ दुष्कर्म किया और कई दिनों से शारीरिक शोषण कर रहा था। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी भोपाल में ऑटो चलाता था और इसी दौरान उसकी पहचान नाबालिग से हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
