नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुक्रवार रात 12 बजे तक हुए। शाम छह बजे तक आवेदन की संख्या 47 हजार पार कर चुकी थी। अग्निपथ योजना लागू होने के बाद यह पहला अवसर है, जब इतनी अधिक संख्या में ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के 10 जिलों से अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
4 जिले में 36 हजार से ज्यादा अभ्यार्थी
अब तक जो आवेदन हुए हैं, उनमें से 36 हजार से अधिक अभ्यर्थी सिर्फ चार जिलों से हैं। इसमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना और शिवपुरी जिले शामिल हैं।
इन चार जिलों के सबसे ज्यादा अभ्यर्थी होने के कारण लिखित परीक्षा के बाद होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा ग्वालियर में कराने पर सेना के अधिकारियों का जोर है। इसके लिए अधिकारियों ने कलेक्टर और एसएसपी से पत्राचार कर बैठक करने का अनुरोध किया है। यह बैठक इसी माह होगी।
47 हजार 570 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए
शुक्रवार शाम छह बजे तक 47 हजार 570 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए। इसमें सबसे ज्यादा अभ्यर्थी मुरैना जिले से हैं। मुरैना से 15 हजार 237, भिंड से 9 हजार 826, ग्वालियर से 5 हजार 437 और शिवपुरी से 5 हजार 530 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें छतरपुर, दतिया, निवाड़ी, सागर, श्योपुर और टीकमगढ़ शामिल हैं।
अभ्यर्थियों की कुल संख्या शनिवार को सामने आएगी, क्योंकि रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन की लिंक खुली रही। जून में ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा अगस्त माह में कराई जाएगी।
