प्रेमिका की मौत से आहत युवक हरेंद्र जाटव की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। …और पढ़ें

HighLights
- आत्महत्या से पहले युवक ने वीडियो में लगाए प्रताड़ना के आरोप
- कोर्ट के आदेश के बाद पांच आरोपितों पर एफआईआर
- प्रेमिका की मौत के बाद युवक ने दी जान
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराजपुरा के डांग गुठीना गांव में प्रेमिका की मौत से आहत युवक हरेंद्र जाटव की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
कौन हैं आरोपित
आरोपितों में प्रेमिका काजल माहौर की मां, चाचा, ताऊ, फूफा और मंगेतर के नाम शामिल हैं। हरेंद्र ने आत्महत्या से पहले मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने काजल के स्वजनों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
क्या है मामला
13 दिसंबर को हरेंद्र जाटव का शव पड़ोसी के खेत में लगे नीम के पेड़ पर लटका मिला था। उसकी जेब से मोबाइल मिला, जिसमें वीडियो रिकॉर्डिंग पाई गई। जानकारी के अनुसार हरेंद्र, मालनपुर निवासी काजल माहौर से प्रेम करता था, जबकि काजल की सगाई सौरभ माहौर से तय हो चुकी थी। स्वजनों को इस संबंध की जानकारी लगने पर दोनों को प्रताड़ित किया जाने लगा।
प्रताड़ना से परेशान होकर पहले आत्महत्या
बताया गया है कि प्रताड़ना से परेशान होकर पहले काजल ने आत्महत्या की थी। इसके बाद हरेंद्र ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। हरेंद्र के पिता रामबरण ने कोर्ट में परिवाद दायर किया था, जिस पर कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए।
इसके आधार पर काजल की मां लौंगश्री माहौर, चाचा दर्शन माहौर, ताऊ, फूफा और मंगेतर सौरभ माहौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं सौरभ के तीन अज्ञात साथियों की भी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बेटे को सुलाने के बाद करती थीं पढ़ाई, सास-ससुर का मिला साथ, पढ़ें डिप्टी कलेक्टर ज्योति राजोरे के संघर्ष की कहानी
