मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। नए एक्टिव सिस्टम के चलते अगले तीन दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा। मौसम केंद्र, भोपाल ने 9 अप्रैल तक अलर्ट जारी किया है, जिसमें भोपाल और ग्वालियर समेत 34 जिले शामिल हैं।
इन जिलों में असर ज्यादा
मंगलवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, भोपाल, उज्जैन, सागर, रीवा, सतना, शहडोल सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा।
तेज आंधी का भी अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जबकि कुछ इलाकों में हवा की स्पीड 60 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ेे-प्रदेश में रोज 2.20 लाख सिलिंडर वितरण, कंपनियों ने किया अफवाहों से सावधान
दो दिन और रहेगा असर
8 और 9 अप्रैल को भी ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में इस सिस्टम का असर जारी रहेगा। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ेे-भोपाल के सरकारी अस्पतालों में कैंसर का इलाज अधूरा, करोड़ों खर्च के बाद भी मरीज बेहाल
पहले भी दिखा असर
इससे पहले 4 से 6 अप्रैल के बीच प्रदेश में ओलावृष्टि और तेज आंधी-बारिश का दौर देखने को मिला था। कई जिलों में मौसम ने जोरदार असर दिखाया था। आमतौर पर अप्रैल-मई में तेज गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार बार-बार सक्रिय हो रहे सिस्टम के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। फिलहाल प्रदेश में मौसम का मिजाज मिला-जुला बना रहेगा।
