इंदौर के जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है और जल्द ही अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इस भवन ने निर्माण में देरी का एक रिकॉर्ड भी बनाया है। लगभग आठ वर्षों में यह बिल्डिंग तैयार हुई है। अब इसमें पहले की तुलना में अधिक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नए भवन में हाईटेक ऑपरेशन थिएटर, एक्स-रे, पैथोलॉजी, सीटी स्कैन सहित कई अन्य चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। यह बिल्डिंग वर्ष 2023 तक पूरी होनी थी, लेकिन लगभग तीन साल की देरी के बाद इसका निर्माण पूरा हुआ।

 

जब इस परियोजना को मंजूरी मिली थी, तब इसकी अनुमानित लागत करीब 50 करोड़ रुपये थी, लेकिन निर्माण में 70 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं। अब स्वास्थ्य विभाग अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। नए भवन में जिला अस्पताल की क्षमता बढ़कर 300 बेड की हो जाएगी। चार मंजिला इस बिल्डिंग में पुरुष, महिला, आईसीयू और प्रसूति वार्ड बनाए गए हैं। इसके अलावा ओपीडी के लिए भी पर्याप्त स्थान दिया गया है, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। पार्किंंग के लिए भी पर्याप्त जगह रखी गई है।  

 

इस नए अस्पताल भवन में शिफ्ट होने से चंदन नगर, धार रोड, प्रजापत नगर, स्कीम-71, लाबरिया भैरव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इंदौर के पूर्वी क्षेत्र में पहले से एमवाय जैसा बड़ा सरकारी अस्पताल मौजूद है, लेकिन पश्चिमी क्षेत्र में ऐसी सुविधा का अभाव था। इस नई बिल्डिंग के शुरू होने से पश्चिम क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी।

पहले कई बार पश्चिमी क्षेत्र में सड़क हादसों में घायल लोगों को दूर स्थित अस्पताल भेजना पड़ता था, जिससे इलाज में देरी होती थी और कई मामलों में जान भी चली जाती थी। हालांकि, अभी तक अस्पताल के लोकार्पण की तारीख तय नहीं की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *