मुख्यमंत्री  मोहन यादव ने रविवार को समत्व भवन में गेहूं उपार्जन के संबंध में मंत्री समूह के सदस्यों एवं कृषक प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।  मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन व्यवस्था किसानों के लिए सरल, सहज और सुविधाजनक बनाई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उपार्जन केंद्र तक आने और गेहूं बेचने में किसी भी तरह की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उपार्जन पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले सभी किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा। रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग मंगलवार, 7 अप्रैल से शुरू होगी, जबकि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 अप्रैल से खरीदी प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी।  

मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को कहा कि गेहूं उपार्जन के दृष्टिगत प्रदेश के सभी तौल केंद्रों का 10 अप्रैल से पहले गहन निरीक्षण करा लिया जाए, ताकि किसानों में किसी भी तरह का संशय न रहे। प्रदेश की सभी कृषि उपज मंडियों के वर्तमान ढांचे में क्रमबद्ध सुधार किया जाये। सभी मंडियों को वैश्विक जरुरतों के मुताबिक अपग्रेड कर इन्हें वर्ल्ड क्लास मंडी की तरह तैयार किया जाये। किसी को भी किसी भी प्रकार की प्रक्रियागत या व्यवस्थागत असुविधा का सामना न करना पड़े। किसी भी केन्द्र में किसानों/ट्रेक्टर-ट्राली की लंबी-लंबी कतारें न लगें, सभी किसानों का सहजता से गेहूं तुल जाये, ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं। जिन किसानों से गेहूं खरीदा जाये, कम से कम समय में उनके खातों में भुगतान कर देने की व्यवस्थाएं भी की जाएं। 

 

ये भी पढ़ें- MP News: आंधी-बारिश से नुकसान का तुरंत आकलन करें; सीएम यादव बोले- किसानों को तुरंत उपलब्ध कराएंगे सहायता

10 अप्रैल से प्रारंभ हो जाएगी गेहूं खरीदी

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग में 10 अप्रैल से एवं अन्य सभी संभागों में 15 अप्रैल से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं का उपार्जन प्रारंभ होने जा रहा है। जिन संभागों में 10 अप्रैल से गेहूं खरीदी शुरू होनी है, उनके लिए आगामी मंगलवार, 7 अप्रैल से पंजीकृत किसानों की स्लॉट बुकिंग प्रारंभ हो जाएगी।  

19 लाख से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन 

उपार्जन वर्ष 2026-27 में गेहूं उपार्जन के लिए प्रदेश के 19 लाख 4 हजार 644 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। गेहूं उपार्जन के लिए इस वर्ष प्रदेश में कुल 3 हजार 627 उपार्जन केंद्र बनाये गये हैं। बीते उपार्जन वर्ष 2025-26 में 15 लाख 44 हजार 55 किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन कराया था। उन्होंने बताया कि इस उपार्जन वर्ष के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,625 रूपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। राज्य सरकार प्रदेश के किसानों को गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त 40 रूपए प्रति क्विंटल बोनस का लाभ भी इस वर्ष देने जा रही है।

ये भी पढ़ें- कोतमा इमारत हादसा: मृतकों के परिजनों को 9-9 लाख की सहायता, सीएम बोले- निष्पक्ष जांच होगी

3.12 लाख बारदानों की आवश्यकता होगी 

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन होना अनुमानित है। इसके लिए 3 लाख 12 हजार गठान बारदानों की आवश्यकता होगी। प्रदेश में गेहूं खरीदी आरंभ करने के लिए आवश्यक बारदान का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। केन्द्र सरकार की ओर से लिमिट भी तय कर दी गई है। राज्य सरकार को केन्द्र से हर जरूरी सहयोग भी मिल रहा है। जूट कमिश्नर कार्यालय सहित अन्य बारदाना प्रदायकर्ताओं से भी बारदान सामग्री प्राप्त की जा रही है। इसके साथ ही गेहूं उपार्जन के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति के निर्देश पर अतिरिक्त बारदान खरीदने की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *