महिलाओं से जुड़े विवादित बयानों और घटनाओं को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महिला विरोधी आचरण और बयान देने वाले नेताओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। NSUI भोपाल जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि एक ओर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर के साथ अमर्यादित व्यवहार का आरोप है, वहीं मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा लाड़ली बहनों को लेकर दिए गए बयान भी महिलाओं के सम्मान के खिलाफ हैं। इसके बावजूद दोनों मामलों में जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होना सवाल खड़े करता है।
हिजाब हटाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
दरअसल 15 दिसंबर को आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपने के दौरान नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे लेकर विपक्ष लगातार माफी और कार्रवाई की मांग कर रहा है। इसी तरह, कांग्रेस ने रतलाम में दिए गए मंत्री विजय शाह के बयान का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने लाड़ली बहनों से मुख्यमंत्री के सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही थी और अनुपस्थित रहने पर जांच लंबित रखने जैसी टिप्पणी की थी। कांग्रेस का आरोप है कि इस तरह के बयान महिलाओं पर दबाव बनाने और उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाले हैं।
यह भी पढ़ें-उत्तर भारत की बर्फबारी का असर MP तक, 22 जिलों में कोहरा और शीतलहर, सड़क-रेल दोनों प्रभावित
दोषी नेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाएं
पुतला दहन के दौरान NSUI प्रदेश महासचिव सैयद अल्तमस ने कहा कि भाजपा नेताओं की भाषा और सोच महिला विरोधी है। कभी सेना की महिला अधिकारी, कभी लाड़ली बहनें भाजपा ने हर स्तर पर महिलाओं का अपमान किया है। सत्ता के संरक्षण में ऐसे बयान देने वालों पर कार्रवाई नहीं होना भाजपा की असली मानसिकता को उजागर करता है। NSUI महिलाओं के सम्मान के लिए हर मंच पर संघर्ष करेगा। एनएसयूआई ने मांग की कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों को हल्के में न लिया जाए और दोषी नेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महिला सम्मान और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
