MP Crime: ग्वालियर में एक 15 वर्षीय छात्रा के साथ उसके ही नाबालिग सहपाठी द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। …और पढ़ें

HighLights
- 16 वर्षीय सहपाठी ने घर में घुसकर किया दुष्कर्म
- विरोध करने पर छात्रा के साथ की मारपीट
- घटना के समय घर में अकेली थी पीड़िता
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कोतवाली थाना क्षेत्र के हुजरात पुल स्थित बैंड मार्केट में एक 16 वर्षीय किशोर ने अपनी ही सहपाठी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय पीड़िता घर पर अकेली थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया है।
सूने घर का फायदा उठाकर वारदात
15 वर्षीय पीड़िता अपनी मां और दो बहनों के साथ रहती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब छात्रा की मां बाहर गई थी और बड़ी बहन काम पर थी, तब माधव प्लाजा के पास रहने वाला आरोपी छात्र घर में घुस आया। उसने दरवाजा अंदर से बंद कर छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब छात्रा ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर गलत काम किया।
मां के आते ही आरोपी हुआ फरार
वारदात के बाद आरोपी जब भागने की फिराक में था, तभी छात्रा की मां घर लौट आई। उन्होंने आरोपी को भागते हुए देख लिया। बदहवास छात्रा ने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजन तुरंत कोतवाली थाने पहुंचे।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। नाबालिग होने के कारण कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
