नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय सेना की मारक क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सेना को 7.62 मिमी कैलिबर की 2,000 ‘प्रहार’ लाइट मशीन गन (एलएमजी) की पहली खेप मिल गई है। यह अत्याधुनिक हथियार ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत देश में ही निर्मित किए गए हैं।
इन मशीन गनों का निर्माण अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस द्वारा किया गया है। कंपनी ने तय समय से पहले इनकी डिलीवरी की है। जानकारी के अनुसार, कुल 40,000 ‘प्रहार’ मशीन गनों की आपूर्ति का आर्डर दिया गया है, जिसमें यह पहली खेप शामिल है।
मालनपुर स्माल आर्म्स काम्पलेक्स में हुआ निर्माण
प्रहार का निर्माण अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने ग्वालियर के नजदीक मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित अपने स्माल आर्म्स काम्पलेक्स में किया है। कंपनी परिसर में शनिवार को सेना को एक समारोह में दो हजार एलएमजी की पहली खेप सौंपी गई।
इस मौके पर रक्षा मंत्रालय के ए अंबरासु, अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के सीईओ आशीष राजवंशी और निजी कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अंबरासु ने बाद में सेना के लिए तैयार एलएमजी की पहली खेप ले जा रहे ट्रकों के काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तय समय से 11 महीने पहले सौंपी गई डिलीवरी
इस मौके पर राजवंशी ने कहा, आज जिस सफर की शुरुआत हुई है, उसे पूरा करने में हमें छह साल लगे। हमने इसे तय समय से 11 महीने पहले ही सौंप दिया है। उन्होंने कहा हमें जो मूल समय-सीमा दी गई थी, वह सात साल से अधिक की थी। अगले तीन वर्षों में पूरा आर्डर सौंप दिया जाएगा।
नई ‘प्रहार’ एलएमजी आधुनिक तकनीक से लैस हैं, जिससे सैनिकों को युद्ध के दौरान अधिक सटीकता और बेहतर फायरपावर मिलेगी। इनका वजन अपेक्षाकृत हल्का है, जिससे इन्हें कठिन इलाकों में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा।
स्वदेशी निर्माण से बढ़ेगी सेना की ऑपरेशनल क्षमता
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि स्वदेशी स्तर पर इस तरह के हथियारों का निर्माण न केवल आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा, बल्कि सेना की ऑपरेशनल क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि करेगा। यह कदम भारत की रक्षा तैयारियों को और सुदृढ़ करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
ग्वालियर से लगभग 30 किमी दूर भिंड जिले की सीमा में स्थित मालनपुर में पहले पुंज लायड कंपनी सेना के लिए हथियार एवं अन्य उपकरण बनाने का कार्य करती थी, इसके बाद जब वह आपूर्ति नहीं कर सकी तो अदाणी डिफेंस कंपनी ने इसे टेकओवर कर लिया।
अदाणी डिफेंस और इजरायल का ज्वाइंट वेंचर
अब अदाणी डिफेंस इजरायल की कंपनी के साथ ज्वाइंट वेंचर में हथियार निर्माण का कार्य कर रही है। अडानी डिफेंस सिस्टम्स एंड टेक्नोलाजी लिमिटेड (एडीएसटीएल) ने पुंज लायड लिमिटेड के मालनपुर डिफेंस यूनिट को 281.10 करोड़ में अधिग्रहण करने के लिए एक व्यवसाय हस्तांतरण समझौता किया है। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने और भारत के बढ़ते डिफेंस सेक्टर में अपनी उपस्थिति मजबूत करने के लिए यह अधिग्रहण किया गया है।
