प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार के मामले में डबरा नगर पालिका के तत्कालीन सीएमओ प्रदीप भदौरिया और कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता के खिलाफ ईओडब्ल्य …और पढ़ें

HighLights
- डबरा नगर पालिका में पीएम आवास घोटाला।
- बिना सत्यापन के 1.31 करोड़ का भुगतान।
- ढाई की जगह खातों में डाले 3-3 लाख रुपये।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार के मामले में डबरा नगर पालिका के तत्कालीन सीएमओ प्रदीप भदौरिया और कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने एफआइआर दर्ज की है।
यह कार्रवाई वार्ड-11 के पार्षद धर्मेन्द्र सिंह (हैप्पी) की शिकायत पर की गई है। आरोप है कि तत्कालीन सीएमओ प्रदीप भदौरिया ने संविदाकर्मी राहुल गुप्ता को नियम विरुद्ध तरीके से पोर्टल संचालन और भुगतान प्रक्रियाओं के लिए अधिकृत किया।
बिना सत्यापन के 1.31 करोड़ का भुगतान
दोनों ने मिलकर हितग्राहियों को बिना भौतिक सत्यापन (जियो टैगिंग) के करीब एक करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये का आहरण कर शासन को क्षति पहुंचाई है।
शिकायत के अनुसार एक अप्रैल 2023 से 30 अप्रैल 2024 के बीच कुछ हितग्राहियों के खाते में आवास योजना के तहत निर्धारित ढाई लाख रुपये के बजाय तीन-तीन लाख रुपये की राशि डाल दी गई। जियो टैगिंग भी नहीं कराई।
ईओडब्ल्यू की जांच में पुष्टि
इस पर ईओडब्ल्यू भोपाल ने शिकायत दर्ज कर सत्यापन के लिए ग्वालियर भेजा। जांच में पाया गया कि 13 विशिष्ट हितग्राहियों के खातों में नियम विरुद्ध तरीके से तीन-तीन लाख रुपये की राशि डाली गई है। साथ ही बिना जियो टैगिंग और बिना नोटशीट संचालन के ही सीधे पीपीए जारी कर भुगतान कराया गया।
