निर्माण एजेंसियां तय समयसीमा में काम पूरा करने के लिए लगातार जुटी हैं, लेकिन फिलहाल इस महत्वाकांक्षी योजना का सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 22 Mar 2026 10:06:51 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Mar 2026 10:06:51 PM (IST)

ग्वालियर में एलिवेटेड रोड का काम तेज, लेकिन शहर की रफ्तार थमी, डायवर्जन पर जाम से लोग बेहाल
ग्वालियर में एलिवेटेड रोड का काम तेज

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर को भविष्य में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से बनाई जा रही एलिवेटेड रोड परियोजना इन दिनों रफ्तार पकड़ चुकी है। निर्माण एजेंसियां तय समयसीमा में काम पूरा करने के लिए लगातार जुटी हैं, लेकिन फिलहाल इस महत्वाकांक्षी योजना का सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है। दूसरे चरण के तहत फूलबाग चौराहे से गुरुद्वारा तक का मुख्य मार्ग बंद कर दिया गया है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मार्ग बंद होने के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।

डायवर्ट मार्गों पर रेंगते वाहन और प्रभावित होता व्यापार

रविवार की शाम इन डायवर्ट मार्गों पर लंबा जाम देखने को मिला। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, बाजार जाने वाले लोग, सभी को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, तो चौराहों पर बढ़ती भीड़ ने हालात और बिगाड़ दिए। एलिवेटेड रोड निर्माण का असर व्यापार पर भी साफ दिख रहा है। डीबी मॉल के सामने का मुख्य मार्ग बंद होने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। ग्राहकों की आवाजाही लगभग थम गई, ऐसे में व्यापारियों ने नौगजा रोड की ओर एक बड़ा बैनर लगाकर वैकल्पिक प्रवेश मार्ग की व्यवस्था भी की है। अब पीछे के रास्ते से एंट्री शुरू कर दी गई है, जिससे धीरे-धीरे ग्राहकों की आवाजाही हो रही है।

नौगजा रोड और एलआईसी तिराहे पर ट्रैफिक का भारी दबाव

नौगजा रोड पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच सड़क किनारे लग रहे हाथठेलों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और खासकर शाम के समय यहां जाम की स्थिति बन रही है। एलिवेटेड रोड निर्माण के चलते महाराज बाड़े जाने वाले व वहां से आने वाले लोग नदीगेट होते हुए बैजाताल और एलआईसी तिराहे से होते हुए हजीरा, मुरार व सिटी सेंटर पहुंच रहे हैं। यहां पर सुबह, दोपहर और शाम को इतना ट्रैफिक नहीं रहता जितना सात बजते ही हो जाता है। आठ बजे तो यहां वाहन की रफ्तार चींटी जैसी हो जाती है।

लक्ष्मीबाई समाधि स्थल मार्ग पर बढ़ी आवाजाही: पुलिस मुस्तैद

पड़ाव से फूलबाग जाने के लिए लक्ष्मीबाई समाधि स्थल मार्ग पर लोग गलत दिशा में घुस रहे हैं। फूलबाग मार्ग बंद होने के बाद लोग अब लक्ष्मीबाई समाधि स्थल की ओर से होकर अंदर प्रवेश कर रहे हैं। संकरी सड़क होने के कारण यहां भी जाम जैसे हालात बनने लगे हैं। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस ने हालात संभालने के लिए वैकल्पिक मार्गों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। पुलिसकर्मी वाहनों को व्यवस्थित निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अचानक बढ़े ट्रैफिक दबाव के कारण व्यवस्था कई बार बिगड़ जाती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *